Last Updated:
Delhi Srinagar Bus Attack: दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास पथराव किए जाने का आरोप लगा है. सोशल मीडिया पर किए गए दावों के मुताबिक, इस घटना में एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री घायल हो गया. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना की निंदा की है. उन्होंने हरियाणा सरकार और पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर.
कुरुक्षेत्र: दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस पर हरियाणा में पथराव का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर किए गए दावों के मुताबिक, यह घटना कुरुक्षेत्र के पास हुई. बस जम्मू-कश्मीर नंबर की बताई जा रही है. घटना में एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री के घायल होने का दावा किया गया है. हालांकि, घटना की पूरी जानकारी और पथराव के पीछे की वजह की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
इस मामले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने हरियाणा सरकार और पुलिस से मामले की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है. उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं होनी चाहिए थी. उन्होंने उम्मीद जताई कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार और पुलिस आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई करेगी, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.
इमरान नबी डार ने सोशल मीडिया पर उठाया मामला
यह मामला जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता इमरान नबी डार की एक पोस्ट के बाद सामने आया. उन्होंने सोशल मीडिया पर बस पर पथराव किए जाने का आरोप लगाया था. उमर अब्दुल्ला ने भी उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी.
इमरान नबी डार ने आरोप लगाया कि बस को इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि उसमें कश्मीरी यात्री सफर कर रहे थे. उन्होंने बताया कि घटना के दौरान एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री घायल हो गया. पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि बस में सफर कर रहे परिवार डर गए थे और खुद को असहाय महसूस कर रहे थे. डार ने घटना की निंदा करते हुए हरियाणा पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की. उन्होंने पुलिस से पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की.
बस के शीशे टूटने का वीडियो भी वायरल
सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया जा रहा है. इसमें एक लग्जरी स्लीपर बस को नुकसान पहुंचने का दावा किया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, बस के शीशे टूट गए थे, पीछे की लाइटें क्षतिग्रस्त हो गई थीं और नंबर प्लेट भी मुड़ गई थी. यह बस दिल्ली से श्रीनगर के बीच चलने वाली स्टार वर्ल्ड वेंचर्स की बताई जा रही है.
हालांकि, अभी यह स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है कि बस पर पथराव किसने किया और इसके पीछे क्या वजह थी. कश्मीरी यात्रियों को निशाना बनाए जाने का आरोप भी जांच का विषय है. घटना की असल वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट होना बाकी है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…











