Haryana News: हरियाणा के जींद जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जुलाना में बीती रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। युवक को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां युवक ने दम तोड़ दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पास बुलाकर मारी गोली
मृतक की पहचान जुलाना में रहने वाले करेला गांव निवासी कृष्ण उर्फ डैनी के रूप में हुई है। वे अपने परिवार के साथ जुलाना में रहते थे। उनके पिता जगदीश पूर्व सैनिक हैं। डैनी बीती रात जुलाना के पुराने बस स्टैंड पर अपने 6 दोस्तों के साथ पार्टी से लौट रहा था। इसी दौरान कार सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें अपने पास बुलाया और फिर उन्हें गोली मार दी।
अस्पताल में तोड़ा दम
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल कृष्ण को उपचार के लिए पीजीआई ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस कर रही जांच
थाना इंचार्ज कमल सिंह ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की पहचान करने में लगी है। वारदात के पीछे क्या कारण रहे और इसमें कितने लोग शामिल थे, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।











