
गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में एक ऐसी घटना को अंजाम दिया गया है जिसने सनसनी मची दी. पुलिस लाइन के ठीक सामने एक फुटओवर ब्रिज पर व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है. पुल पर एक शख्स की लाश खून से लथपथ हालत में मिली. घटनास्थल के पास खून से सनी इंटरलॉकिंग टाइल भी बरामद हुई है. आशंका जताई जा रही है कि इसी टाइल से सिर लगातार वार कर व्यक्ति की हत्या की गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है.
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि इसे पुलिस लाइन के सामने अंजाम दिया गया. ऐसे में इस घटना के बाद से यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि मारे जाना शख्स कौन है. उसकी पहचान की जा रही है. पुलिस उसकी पहचान करने के साथ हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.
आपको बता दें कि फुटओवर ब्रिज पर व्यक्ति की लाश मिलने की सूचना के बाद सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की छानबीन की और फिर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मौके से खून से सनी इंटरलॉकिंग टाइल मिली. इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि हमलावर ने इसी से वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल तो शख्स की हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार का कुछ पता नहीं चल पाया है. घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
मारे जाने वाले शख्स की तलाशी ली गई. मृतक की जेब से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला. ऐसे में पुलिस के सामने सबसे पहले शव की पहचान करना चुनौती है. पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है.
यह मामला काफी ज्यादा गंभीर है. घटना को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर अहम साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. जिससे कि यह पता चल जाए कि वारदात से पहले और बाद की परिस्थितियां कैसी थी. वहां पर क्या गतिविधियों हुई. फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करने और घटनास्थल पर आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.





