सोहना. हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना में गांव दौलाह में शिक्षक प्रशांत की पत्नी नीतू की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो शिक्षक प्रशांत के ताऊ का बेटा है. आरोपी पूर्व सैनिक है और गांव दौलाह में ही रह रहा था.
पुलिस के अनुसार, जमीन के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद के चलते नीतू की हत्या की साजिश रची गई. आरोप है कि संदीप ने उत्तराखंड के रुड़की निवासी दो बदमाशों अविनाश और अनुज को हत्या की सुपारी दी थी. इतना ही नहीं, संदीप ही दोनों आरोपियों को शिक्षक प्रशांत के घर तक लेकर आया था.
घर में अकेली थी नीतू, तभी पहुंचे हमलावर
जमीन विवाद को लेकर चल रही थी पुरानी रंजिश
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे जमीन के लेनदेन को लेकर पुरानी रंजिश सामने आई है. बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप और नीतू व उसके पति प्रशांत के बीच कुछ समय पहले जमीन विवाद को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था. आरोप है कि इसी विवाद के चलते संदीप ने रंजिश पाल रखी थी. पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के कारण नीतू की हत्या की साजिश रची गई.
रुड़की के दो बदमाशों को सुपारी देने का आरोप
पारिवारिक संबंधों के बीच हत्या की साजिश से गांव में चर्चा
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी संदीप, शिक्षक प्रशांत के ताऊ का बेटा बताया जा रहा है. पारिवारिक संबंध होने के बावजूद जमीन विवाद के चलते हत्या की साजिश रचने के आरोप ने मामले को और गंभीर बना दिया है. गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है. पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश, आरोपियों के बीच संपर्क और वारदात में उनकी भूमिका से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.
नीतू हत्याकांड में संदिग्धों का वीडियो आया सामने
नीतू हत्याकांड में एक अहम वीडियो सामने आया है. इसमें तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव में आते दिखाई दे रहे हैं. इनमें से दो युवकों ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि तीसरे युवक ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था. उसके पास एक बैग भी दिखाई दे रहा है. वीडियो में संदिग्ध युवकों की गतिविधियां दिखाई देने के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस के लिए यह महत्त्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है.
घर में घुसे थे बाइक सवार युवक
वीडियो के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजकर 4 मिनट पर तीन युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचते हैं. इनमें से एक युवक मोटरसाइकिल चलाता हुआ दिखाई देता है, जबकि अन्य दो युवक नीचे उतर जाते हैं. इसके बाद मोटरसाइकिल सवार वहां से चला जाता है. दोनों युवक नीतू के घर के सामने पहुंचते हैं और घर के भीतर प्रवेश कर जाते हैं. कुछ मिनट बाद वे बाहर निकलते हैं, लेकिन इसके तुरंत बाद दोबारा घर के अंदर चले जाते हैं. वीडियो में दिखाई देता है कि दोनों युवक लगभग 45 मिनट तक घर के भीतर रहते हैं. इसके बाद वे बाहर निकलते हैं. इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक घर के द्वार के सामने पहुंच जाता है. दोनों युवक उसके साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां से चले जाते हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छह दल गठित किए हैं. ये दल अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रहे हैं.










