अंबाला: भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है. कान्हा जी के लिए जहां लोग नई-नई पोशाक, मुकुट, बांसुरी और मोरपंख खरीद रहे हैं, वहीं इस बार जन्माष्टमी के सेलिब्रेशन में एक नया ट्रेंड भी देखने को मिल रहा है. अब लोग कान्हा जी के लिए मटकी, मक्खन, बांसुरी और मोरपंख की थीम वाले कस्टमाइज्ड केक बनवा रहे हैं. अंबाला की बेकरियों में इन दिनों ऐसे केक के ऑर्डर पहुंच रहे हैं और ग्राहक अपनी पसंद की तस्वीर दिखाकर उसी डिजाइन का केक तैयार करवा रहे हैं. दरअसल, कुछ साल पहले तक जन्माष्टमी पर केक का मतलब सिर्फ सामान्य केक पर ‘हैप्पी जन्माष्टमी’ लिखवाना होता था. लेकिन अब समय के साथ लोगों की पसंद भी बदल गई है, जन्मदिन और दूसरे खास मौकों की तरह ही लोग भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को भी खास अंदाज में मनाना चाहते हैं.
जन्माष्टमी पर बढ़ी कान्हा थीम वाले केक की डिमांड
यही वजह है कि बेकरी संचालकों के पास जन्माष्टमी थीम वाले केक की डिमांड बढ़ गई है. बता दें कि इस बार बाजार में सबसे ज्यादा आकर्षण मटकी और मक्खन थीम वाले केक बने हुए हैं. केक के ऊपर मटकी का डिजाइन तैयार किया जाता है और उसके ऊपर मक्खन की सजावट की जाती है, साथ ही मोरपंख और बांसुरी से इसे और आकर्षक बनाया जाता है. कई केक देखने में ऐसे लगते हैं जैसे भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं को केक के डिजाइन के जरिए दिखाया गया हो.
इंटरनेट से फोटो भेजकर भी कस्टमाइज करवा रहे ग्राहक
वहीं अंबाला की रहने वाली सहर कंसारा ने लोकल 18 को बताया कि जन्माष्टमी को लेकर इस बार विशेष मटकी केक तैयार किए गए हैं. ग्राहक अपनी पसंद के डिजाइन भी कस्टमाइज करवा रहे हैं, कई लोग इंटरनेट से किसी केक की तस्वीर भेजते हैं और उसी के अनुसार केक तैयार करवाने की मांग करते हैं. कोशिश रहती है कि ऑर्डर मिलने के बाद अगले दिन तक ग्राहक को उसका मनपसंद केक उपलब्ध करा दिया जाए. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने करीब पांच साल पहले केक बनाने का काम शुरू किया था, तब जन्माष्टमी पर ज्यादातर लोग सामान्य केक पर सिर्फ ‘हैप्पी जन्माष्टमी’ लिखवाकर ले जाते थे, लेकिन अब लोगों में कुछ नया करवाने का उत्साह दिखाई देता है.
जन्माष्टमी पर खास केक बनवाने का बढ़ा चलन
उनका कहना है कि जिस तरह लोग अपने जन्मदिन पर अलग-अलग डिजाइन के केक बनवाते हैं, उसी तरह अब जन्माष्टमी पर भी भगवान श्री कृष्ण के लिए विशेष केक बनवाने का चलन बढ़ रहा है. कई बार ग्राहक अपनी पसंद की कोई तस्वीर लेकर आते हैं तो कभी ऑनलाइन फोटो भेजकर कहते हैं कि बिल्कुल इसी तरह का डिजाइन तैयार किया जाए. इन कस्टमाइज्ड केक की कीमत उनके वजन और डिजाइन के हिसाब से तय होती है, आधा किलो से लेकर एक और दो किलो तक के केक ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार बनवा रहे हैं.
1000 से 5000 रुपये तक पहुंच रही खास केक की कीमत
विशेष डिजाइन वाले जन्माष्टमी केक की कीमत करीब 1000 रुपये से शुरू होकर 5000 रुपये तक पहुंच रही है, वहीं सामान्य केक की कीमत करीब 600 से शुरू होती है. अंबाला की छोटी बेकरियों में जन्माष्टमी थीम वाले केक करीब 250 से 300 रुपये में भी मिल रहे हैं, जबकि बड़ी बेकरियों में कस्टमाइजेशन और विशेष डेकोरेशन के कारण कीमत अधिक है.
केक के साथ खास पैकिंग भी बनी आकर्षण का केंद्र
जन्माष्टमी के इस नए ट्रेंड में सिर्फ केक का डिजाइन ही नहीं, बल्कि उसकी पैकिंग भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. सामान्य बॉक्स के अलावा ग्राहक खास डिजाइन वाले बॉक्स भी ले रहे हैं.
कुछ जगहों पर कान्हा जी की थीम वाली पैकिंग में फूलों की सजावट, लाइटिंग और ‘हैप्पी जन्माष्टमी’ का टैग लगाया जा रहा है. यानी इस बार जन्माष्टमी पर कान्हा जी के लिए सिर्फ पोशाक और बांसुरी ही नहीं, बल्कि मटकी-मक्खन वाला स्पेशल केक भी लोगों की पसंद बन गया है. बदलते दौर में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को खास बनाने का यह नया अंदाज अंबाला के बाजारों में साफ दिखाई दे रहा है.













