Horrific Accident on Meerut Road(मेरा हरियाणा नेटवर्क) करनाल। करनाल मेरठ रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रॉला छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सुंदर लाल (55) और उनकी पत्नी नीलम (50) के रूप में हुई है। दोनों असंध क्षेत्र के राहड़ा गांव के निवासी थे और किसी काम से करनाल कोर्ट के पास स्थित ज्वैलरी शॉप गए थे। दोपहर बाद घर लौटते समय यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार कि मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शी बलबीर सिंह के मुताबिक, ट्रॉला तेज रफ्तार में था और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला आगे के टायर के नीचे आ गई, जबकि पुरुष पीछे के टायर के नीचे आ गया। दोनों को बुरी तरह कुचल दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैफिक सिग्नल खराब होने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की एक बड़ी वजह ट्रैफिक सिग्नल का ठीक से काम न करना हो सकता है। बताया जा रहा है कि सिग्नल खराब था, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को टक्कर मार दी। लोगों का मानना है कि यदि सिग्नल सही होता तो हादसा टल सकता था।
ड्राइवर फरार, ट्रॉला पुलिस के कब्जे में
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रॉले को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। बताया जा रहा है कि बेटा हाल ही में अमेरिका से वापस आया था। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे और मामले की जांच जारी है।














