सोनीपत में 6 माह के पोते पर पिटबुल अटैक पर दादी बोली-कुत्ते का मालिक खर्चा देने से कर रहा इंकार

On: September 18, 2026 1:07 PM
Follow Us:

सोनीपत. हरियाणा के सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में 6 महीने के मासूम पर पिटबुल ने हमला कर दिया. अब मामले में मालिक पर भी सवाल उठ रहे हैं. बच्चे की दादी ने कुत्ते के मालिक पर इलाज का खर्चा ना देने के आरोप लगाए हैं. हालांकि, बच्चे का इलाज पीजीआई रोहतक में चल रहा है. हमले में मासूम के अलावा उसकी बुआ घायल हुए हैं.  फिलहाल, पुलिस के पास परिवार की तरफ से शिकायत नहीं दी गई है. उधऱ, मेयर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है.

दरअसल, सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में यह घटना उस वक्त हुई, जब 6 महीने के मासूम को उसकी बुआ गली से लेकर जा रही थी. तभी अचानक पिटबुल कुत्ता बच्चे की तरफ दौड़ता है और उस पर झपट पड़ता है.सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई.

कुत्ता मासूम को दबोच लेता है. बच्चे की बुआ उसे बचाने के लिए प्रयास करती है. इसी दौरान कुत्ता उस पर भी हमला कर देता है.पिटबुल के हमले में 6 महीने का मासूम बुरी तरह घायल हो गया. परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे. बच्चे की दादी ने बताया कि  बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी दहशत का माहौल है.

दादी निर्मला ने बताया कि सिविल अस्पताल से बच्चे को रेफर किया गया है. कुत्ते के मालिक ने खर्चा देने से इंकार किया है और बच्चे के पेट और चेहरे पर कुत्ते ने नोचा है और अब रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है. दादी ने बताया कि इस कुत्ते ने मेरी गुड़ियों को भी निजी अंग में काटा है. अभी हम पोते के इलाज करवा रहे हैं और अगर कुत्ते का मालिक खर्चा नहीं देगा तो वह पुलिस से शिकायत करेंगे.

कुत्ते के मालिक पर उठ रहे सवाल

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल कुत्ते के मालिक की जिम्मेदारी को लेकर उठ रहा है. आखिर पिटबुल जैसे खतरनाक नस्ल के कुत्ते को किस तरह रखा जा रहा था और क्या उसके लिए जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा था?वहीं, इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. फिलहाल मासूम का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है

पिटबुल हमले के बाद प्रशासन जागा, मेयर और पुलिस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की

शुक्रवार को सोनीपत प्रशासन, नगर निगम मेयर राजीव जैन तथा पुलिस अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. मेयर ने पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.  मेयर राजीव जैन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और फोन पर मासूम के माता-पिता से बात कर मासूम के हाल-चाल भी जाना है और कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित कुत्ते रखने वाले मालिकों पर ठोस कार्रवाई की जाएगी.

मेयर ने यह भी बताया कि अधिकारियों को जल्द ही आदेश दिए जाएंगे कि बिना लाइसेंस के कुत्ते रखने वाले मालिकों पर कार्रवाई की जाए. मेयर ने कहा कि परिवार ने अभी तक लिखित में शिकायत नहीं दी है और जैसे ही परिवार लिखित में शिकायत देगा, पुलिस भी ठोस कार्रवाई करेगी. इस बीच, सेक्टर 27 थाना पुलिस भी परिवार से पूछताछ के लिए उनके घर पहुंची है.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now