नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में शनिवार सुबह पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि सीआईए इंचार्ज की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली आकर अटक गई। पुलिस ने घायल हिस्ट्रीशीटर समेत उसके एक साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है, जो अलवर जिले का निवासी बताया जा रहा है।
सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि सलामपुरा मोहल्ले में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना का मुख्य आरोपी शिवदयाल ट्रेन के जरिए नारनौल की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पहले से ही तैनात थी। बताया गया कि दोनों बदमाश स्टेशन पहुंचने से पहले ही ट्रेन से उतरकर भागने लगे, जिस पर पुलिस ने उन्हें घेर लिया।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी गोली चलाई गई। इस दौरान शिवदयाल के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं एक गोली सीआईए इंचार्ज की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बदमाशों को मौके से काबू में ले लिया।
यह मुठभेड़ नारनौल रेलवे स्टेशन के समीप बड़ा बाग इलाके की एक गली में हुई। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं, जिनमें देसी कट्टा और जिंदा कारतूस शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार शिवदयाल वही हिस्ट्रीशीटर है, जिसने कुछ दिन पहले मोहल्ला सलामपुरा में थार गाड़ी से उतरकर बोलेरो सवार पर फायरिंग की थी। तभी से वह फरार चल रहा था। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य वारदातों से जुड़े लिंक खंगालने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।











