हरियाणा बिजली बोर्ड की बड़ी कार्रवाई, इस सब डिविजन के SDO सस्पेंड, जानें क्या है पूरा मामला?

On: January 17, 2026 2:56 PM
Follow Us:
हरियाणा

हरियाणा के पानीपत जिले से बिजली विभाग से जुड़ी बड़ी कार्रवाई सामने आई है। समालखा सब डिविजन में तैनात SDO शिव कुमार को उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई निगम के प्रबंध निदेशक के आदेश पर की गई है। सस्पेंशन के बाद SDO शिव कुमार को पंचकूला स्थित मुख्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि सस्पेंशन के कारणों को लेकर बिजली निगम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन विभागीय सूत्रों के अनुसार बिजली कनेक्शन से जुड़ी अनियमितताओं की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। इसी को लेकर कार्रवाई की चर्चा तेज है। इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल का माहौल है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को रोहतक के चीफ इंजीनियर पलविंदर सिंह ने समालखा बिजली कार्यालय का दौरा किया था। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बंद कमरे में लंबी बैठक हुई, जिसमें मीडिया को प्रवेश नहीं दिया गया। बैठक के बाद चीफ इंजीनियर ने केवल इतना ही बताया कि जगमग योजना की प्रगति की समीक्षा की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अनुपयोगी मशीनें, तकनीकी संसाधनों की कमी और फील्ड से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। अधिकारियों ने ट्रांसफार्मरों की स्थिति, जर्जर तारों और बिजली आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसी दौरान कुछ किसानों और उपभोक्ताओं ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी बिजली संबंधी शिकायतें रखीं।

बिजली विभाग के अंदरखाने चर्चा है कि हाल के दिनों में मिली शिकायतों और समीक्षा बैठक के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद ही यह कार्रवाई की गई है। हालांकि निगम की ओर से अभी तक सस्पेंशन के पीछे की ठोस वजह सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

फिलहाल SDO शिव कुमार को पंचकूला मुख्यालय में रिपोर्ट करना होगा और मामले की जांच के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now