हरियाणा में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, बनेगा स्मार्ट एग्रीकल्चर जोन और स्मार्ट इंडस्ट्रीयल जोन, सीएम का ऐलान

On: January 24, 2026 10:52 AM
Follow Us:
हरियाणा सरकार

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों और उद्योग जगत के हित में दो बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा है कि प्रदेश में जल्द ही एक स्मार्ट एग्रीकल्चर जोन और एक स्मार्ट इंडस्ट्रीयल जोन विकसित किया जाएगा। इन दोनों जोन में किसानों और उद्योगपतियों को विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे कृषि और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की गत वर्ष के बजट में की गई घोषणाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आई.एम.टी. मानेसर, बावल और कुंडली में फैक्ट्रियों में कार्यरत मजदूरों के लिए डॉमिंट्रीज और सिंगल रूम यूनिट्स के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों के लिए आवासीय सुविधाओं की आवश्यकता है, वहां संबंधित इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के साथ विचार-विमर्श कर एक ठोस योजना तैयार की जाए, ताकि श्रमिकों को बेहतर और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जा सके।

मुख्यमंत्री ने बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए 10 नए आई.एम.टी. बनाने, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने, आई.एम.टी. मानेसर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जीरो वाटर वेस्टेज इंडस्ट्रीयल एरिया विकसित करने, आई.एम.टी. खरखौदा के विस्तार, अम्बाला में आई.एम.टी. की स्थापना के प्रथम चरण, महेंद्रगढ़ जिले में आई.एम.टी. स्थापित करने, मेक इन इंडिया की तर्ज पर मेक इन हरियाणा कार्यक्रम शुरू करने और गुरुग्राम में कल्चरल सेंटर के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पराक्रम दिवस पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को किया नमन

इससे पहले पराक्रम दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महान स्वतंत्रता सेनानी और आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सेक्टर-3, चंडीगढ़ स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अपने पराक्रम, अद्वितीय नेतृत्व और त्याग के माध्यम से देशवासियों में आजादी की अलख जगाई। आज हम स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं, यह उन्हीं जैसे महान क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नेताजी का योगदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अविस्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now