Haryana Weather Alert: हरियाणा में 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेशवासियों को मौसम का पूरा साथ मिलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार गणतंत्र दिवस के दिन प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा और सुबह से ही धूप खिली रहेगी, जिससे राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रमों में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी। हालांकि, इसी दिन रात से मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है।
मौसम विभाग ने बताया है कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) 26 जनवरी की रात से हरियाणा और आसपास के राज्यों को प्रभावित करेगा। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। 26 जनवरी के लिए प्रदेश में कहीं भी कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन साफ मौसम के कारण कई इलाकों में सूखी ठंड का असर बना रहेगा।
प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों, विशेषकर महेंद्रगढ़, सिरसा और हिसार में पाला जमने की संभावना जताई गई है। सुबह के समय खेतों में लहलहाती सरसों की फसल पर ओस की बूंदें देखी गई हैं, जिससे किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी की रात से लेकर 28 जनवरी तक हरियाणा के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ-साथ दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। जहां यह बारिश रबी फसलों के लिए आंशिक रूप से लाभकारी मानी जा रही है, वहीं ठंड बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
27 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले इलाकों, पेड़ों और कच्चे ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है।
इसके अलावा 27, 28 और 29 जनवरी को कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की चेतावनी भी दी गई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विशेषज्ञों ने किसानों से भी अपील की है कि वे मौसम को ध्यान में रखकर कृषि कार्य करें और फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।













