Haryana Weather Alert: हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में ओलावृष्टि, गरज-चमक और तेज हवाओं के बाद अब कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 जनवरी को लेकर पूरे प्रदेश में प्रतिकूल मौसम की चेतावनी जारी की है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के सभी जिलों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अंबाला, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और करनाल सहित कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है। बारिश और ओलावृष्टि के बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।
मौसम विभाग का कहना है कि 29 और 30 जनवरी के दौरान भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि इन दिनों आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। 31 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 1 फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। इसके असर से फरवरी की शुरुआत में राज्य में फिर से बादल छाने के साथ हल्की बारिश या गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
तापमान की बात करें तो राज्य के औसत अधिकतम तापमान में सोमवार की तुलना में 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। यह तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जिससे दिन के समय भी ठंड का अहसास बना रहा। हिसार में अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री, गुरुग्राम में 15.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 5 डिग्री कम रहा। रोहतक में तापमान 17.9 डिग्री और नारनौल में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.7 डिग्री कम रहा और यहां दिन बेहद ठंडा रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी अलर्ट जारी किया जा सकता है।











