IAS Transfers: राज्य सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फेरबदल करते हुए कुल 96 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में 9 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और 87 पंजाब सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह कदम प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। ये सभी बदलाव पंजाब में किए गए है।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, IAS अधिकारी राजदीप सिंह बराड़ को अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) बठिंडा के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें बठिंडा विकास प्राधिकरण में अतिरिक्त मुख्य प्रशासक की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसी क्रम में IAS अधिकारी रुबिंदरजीत सिंह बराड़ को पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। साथ ही उन्हें एनआरआई मामलों और स्थानीय सरकार विभाग में अतिरिक्त सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
IAS अधिकारी दिव्या पी को जालंधर में अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं IAS विवेक कुमार मोदी को बरनाला में अतिरिक्त उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। IAS कृष्ण पाल राजपूत को अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) और IAS डी गोयल को अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों से जिला प्रशासन में विकास कार्यों की गति तेज होने की उम्मीद है।
इसके अलावा PCS अधिकारियों में भी कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। PCS अधिकारी कृतिका गोयल को महल कलां का उपमंडल मजिस्ट्रेट (SDM) बनाया गया है। वहीं PCS अधिकारी पूनम प्रीत कौर को पटियाला में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें पटियाला आरटीओ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यह नियुक्तियां परिवहन और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष प्रशासनिक स्तर पर लगातार फेरबदल किए जा रहे हैं। इससे पहले 16 फरवरी 2026 को भी दो IAS अधिकारियों के तबादले किए गए थे। उस दौरान गिरीश दयालन को मार्कफेड के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक और पंजाब इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड के निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी, जबकि प्रीति यादव को विशेष सचिव, रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण विभाग में नियुक्त किया गया था।
इसी तरह 14 फरवरी 2026 को दो IAS और छह PCS अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए थे, जिनमें सोनाली गिरी को स्कूल शिक्षा विभाग में प्रशासनिक सचिव नियुक्त किया गया था। इसके अलावा 21 जनवरी 2026 को भी एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 20 IAS और 6 PCS अधिकारियों के तबादले किए गए थे। उस दौरान पटियाला, रोपड़, नवांशहर और बरनाला जैसे महत्वपूर्ण जिलों के उपायुक्तों को बदला गया था।
लगातार हो रहे इन प्रशासनिक बदलावों को राज्य सरकार की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों के स्थानांतरण से प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाकर विकास योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है।
देखिए पूरी लिस्ट…













