हरियाणा में मौसम को लेकर बड़ा अपडेट, 14 मार्च से बदलेगा मौसम, इन जिलों में गरज चमक के साथ बारिश–आंधी का अलर्ट

On: March 12, 2026 7:16 AM
Follow Us:
Haryana Weather Alert

हरियाणा में मार्च के बीच ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य के छह जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 7.5 डिग्री अधिक है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को समय से पहले ही गर्मी का एहसास होने लगा है।

आमतौर पर मार्च के महीने में हरियाणा में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाता है। लेकिन इस बार स्थिति अलग है। इन दिनों अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 16 से 17 डिग्री के करीब चल रहा है। यानी दिन के साथ-साथ रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म महसूस हो रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में भले ही 0.6 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद यह सामान्य से लगभग 5.1 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार गर्मी की शुरुआत सामान्य से पहले हो गई है।

बुधवार को हरियाणा का सबसे गर्म शहर महेंद्रगढ़ जिले का नारनौल रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 36.4 डिग्री, नूंह में 36.9 डिग्री, भिवानी में 35.5 डिग्री और गुरुग्राम में 35.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। कई अन्य शहरों में भी पारा 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा, जिससे दिन के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया।

दूसरी ओर न्यूनतम तापमान की बात करें तो सोनीपत में सबसे कम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा करनाल में 14.8 डिग्री, जींद में 15.2 डिग्री, नूंह में 15.6 डिग्री और यमुनानगर में 15.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान 17 से 21 डिग्री के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से ज्यादा है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल अगले दो दिन तक मौसम साफ और शुष्क बना रह सकता है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर का कहना है कि 12 और 13 मार्च को प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है।

हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 मार्च को यह मौसम प्रणाली उत्तर-पूर्वी जिलों की ओर बढ़ सकती है। इस दौरान पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत जैसे जिलों में भी मौसम बदलने की संभावना है। इन इलाकों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बारिश होती है तो प्रदेश में बढ़ती गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है। हालांकि मार्च के दूसरे पखवाड़े में तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

इस समय किसानों और आम लोगों को दिन के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर नए अपडेट जारी किए जाएंगे।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now