Haryana: हरियाणा में प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

On: March 31, 2026 12:10 AM
Follow Us:

Haryana News: पिहोवा में जमीन विवाद को लेकर प्रॉपर्टी डीलर पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान गगनजोत संधू निवासी गुमथला गढ़ू के रूप में हुई है। वह हरियाणा सरकार के पूर्व कृषि मंत्री जसविंद्र सिंह संधू का बेटा बताया जा रहा है। हरियाणा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर बंदूक बरामद की है।

घायल ने क्या बताया

घायल प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह उर्फ सन्नी, निवासी अर्बन स्टेट पटियाला (पंजाब), ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 के पास करीब एक एकड़ जमीन ठेके पर ली हुई है। इस जमीन पर वह अपने NGO “उदय वेलफेयर सोसायटी” का दफ्तर बनवा रहा था।

संदीप के मुताबिक, 29 मार्च की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने भाई के साथ निर्माण कार्य की निगरानी कर रहा था, तभी गगनजोत संधू वहां बंदूक लेकर पहुंचा और उस पर फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से एक खोल भी बरामद किया गया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जिला जेल भेज दिया गया है।

आरोपी का पक्ष

वहीं, आरोपी गगनजोत संधू ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि संदीप सिंह ने उसकी जमीन में करीब 25 फुट तक दीवार बना दी थी। उसने इस संबंध में जमीन मालिक हरकीरत सिंह को भी सूचित किया था और निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा था। आरोपी का कहना है कि उसकी गैर-मौजूदगी में निर्माण जारी रखा गया।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now