Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा हल्के के गांव बड़ौंदी में एक बड़ा हादसा हो गया है। एक मकान की छत गिरने से दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
गांव बड़ौंदी में आज मंगलवार अल सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे पति-पत्नी दब गए। मृतक की पहचान करनैल सिंह और पत्नी जसविंदर कौर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया और लेटर काट कर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि छत कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।










