Haryana News:हरियाणा के हांसी में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को विशेष रूप से नमन किया और आजादी तथा देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों में आजादी की भावना और संघर्ष का साहस पैदा किया। उन्होंने बताया कि 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृति में अंबाला में 22 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहीदी स्मारक बनाया गया है।
शहीद सैनिकों और अग्निवीरों के लिए सरकार की योजनाओं का जिक्र
CM सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार शहीद सैनिकों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि शहीद अग्निवीरों के लिए एक करोड़ रुपये की एक्स-ग्रेशिया ग्रांट का प्रावधान किया गया है। दिव्यांगता की स्थिति में 35 लाख रुपये की सहायता और शहीदों के 423 आश्रितों को सरकारी नौकरियां देने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करने का यह उनका तीसरा अवसर है और हांसी, जो प्रदेश का नया जिला बना है, में ध्वजारोहण करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हांसी को विकसित क्षेत्र बनाने के उद्देश्य से विकास कार्यों को गति दी जा रही है और लोक निर्माण विभाग के नए मंडल एवं उपमंडल स्थापित किए गए हैं।
भारत की उपलब्धियों और आत्मनिर्भर रक्षा क्षेत्र का किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की बड़ी शक्तियों में शामिल है। देश ने सूर्ययान, चंद्रयान और मंगलयान जैसे महत्वपूर्ण अंतरिक्ष मिशन पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत का रक्षा क्षेत्र भी आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ‘मेक इन इंडिया’ और स्वदेशी अभियान ने भारत को आयातक से निर्यातक राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पिछले करीब 12 वर्षों में प्रदेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, बिजली, समाज कल्याण और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना
मुख्यमंत्री ने हाल ही में ग्लासगो में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों में देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि इन खेलों में हरियाणा के 23 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है।
‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ रोजगार पर सरकार का दावा
CM सैनी ने कहा कि प्रदेश में ई-गवर्नेंस के माध्यम से ऐसा मॉडल तैयार किया गया है, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों में हरियाणा में बिना खर्ची-बिना पर्ची 2 लाख से अधिक युवाओं को नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने पेपर लीक और नकल जैसी बुराइयों पर रोक लगाने के लिए हरियाणा लोक परीक्षा अधिनियम 2021 का भी उल्लेख किया। साथ ही युवाओं के मनोबल को बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए लोक परीक्षा संशोधन अधिनियम 2026 का जिक्र किया।
MSME नीति से 55 हजार करोड़ निवेश और 5 लाख रोजगार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हरियाणा प्रगतिशील MSME एवं निर्यात संवर्धन नीति 2026 बनाई है। इसका लक्ष्य 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करना और 5 लाख से अधिक नए रोजगार के अवसर पैदा करना है। उन्होंने कहा कि सरकार खेती के ऐसे मॉडल को बढ़ावा दे रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ाई जा सके। प्रदेश के करीब 24 हजार किसानों ने 44 हजार एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती अपनाई है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां किसानों की 24 फसलों की खरीद MSP पर की जा रही है।
सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
CM सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3,200 रुपये प्रतिमाह की गई है, जबकि दयालु योजना के तहत अब तक 3,152 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बड़े काम हुए हैं। आज हरियाणा में 18 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें से 12 पिछले 12 वर्षों में स्थापित किए गए हैं। नागरिकों को आधुनिक अस्पताल और मुफ्त इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सरकार का जोर है।
महिलाओं के उत्थान को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनका सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का उन्होंने उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बेटियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए 83 कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 32 महिला कॉलेज हैं।
औद्योगिक और ग्रामीण विकास पर सरकार का फोकस
CM सैनी ने कहा कि हरियाणा में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का बेहतर इकोसिस्टम तैयार किया गया है। उन्होंने मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति 2026 और 9 अन्य सेक्टोरल नीतियों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार इन नीतियों के चलते हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पसंद बन रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विकास का मार्ग गांवों से होकर गुजरता है। चालू वित्त वर्ष में ग्राम विकास के लिए 8,704 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शहरों में विकास कार्यों को गति देने के लिए शहरी स्थानीय निकायों की शक्तियों के विकेंद्रीकरण की बात भी उन्होंने कही। मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, हिसार और पंचकूला के समग्र विकास के लिए मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी का गठन किया गया है और प्रदेश में 3,124 अवैध कॉलोनियों को नियमित किया गया है।
‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हरियाणा समृद्धि की एक नई परिभाषा लिख रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों का कार्यकाल समान विकास, सामाजिक समरसता और सहिष्णुता का साक्षी रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महान सांस्कृतिक परंपराओं और उच्च नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के निर्माण के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।











