वैष्णो देवी जा रहे MP के 8 यात्रियों को नशीला सेब-कोल्डड्रिंक देकर लूटा, 7 मिले, 56 वर्षीय बुजुर्ग अब भी लापता

On: September 29, 2026 10:59 PM
Follow Us:

Faridabad News: मध्य प्रदेश से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पैदल निकले श्रद्धालुओं का सफर मंजिल तक पहुंचने से पहले ही एक खौफनाक मोड़ ले लेगा, यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था. फरीदाबाद के सिकरी क्षेत्र में 8 पदयात्रियों के समूह को नशीला पदार्थ खिला-पिलाकर लूटने और उनमें से एक 56 वर्षीय बुजुर्ग के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. तलाश के बाद समूह के सात लोग तो अलग-अलग स्थानों पर मिल गए, लेकिन बुजुर्ग का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है.

खाटू श्याम मंदिर में रुके थे श्रद्धालु, सिकरी में हुई वारदात
रायसेन जिले से 5 सितंबर को यात्रा पर निकले ये लोग 26 सितंबर को फरीदाबाद पहुंचे थे. इसके बाद सिकरी इलाके में समूह के लोग अलग-अलग हो गए. तलाश के बाद 7 लोग मिल गए, लेकिन 56 वर्षीय नारायण सिंह ठाकुर अभी तक नहीं मिले हैं. शिकायत में साथियों के बैग, मोबाइल और पैसे गायब होने की बात भी कही गई है. नारायण सिंह के बेटे ने सेक्टर-58 थाने में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

लोकल-18 से बातचीत में रामेश्वर ठाकुर बताते हैं कि मेरे पिताजी नारायण सिंह ठाकुर अभी तक नहीं मिले हैं और लापता हैं. मेरे पिताजी मध्य प्रदेश में अपने गांव से वैष्णो देवी यात्रा के लिए पैदल निकले थे. उनके साथ कुल 8 लोग थे. सभी लोग 5 सितंबर 2026 को घर से निकले थे. 26 सितंबर को फरीदाबाद पहुंच गए थे और यहां खाटू श्याम मंदिर में रुके थे.

सेब और कोल्ड ड्रिंक में दिया नशीला पदार्थ, बेहोश होकर बिछड़े
रामेश्वर ठाकुर बताते हैं कि उनके साथ वारदात हुई. किसी व्यक्ति ने समूह के आठों लोगों को कुछ नशीला पदार्थ खिला-पिला दिया. पहले उन्हें सेब दिए गए और इसके बाद उस व्यक्ति ने कोल्ड ड्रिंक भी पीने के लिए दी. इसके बाद जैसे ही सभी लोग करीब एक-दो किलोमीटर आगे गए, सभी बेहोश हो गए. इसके बाद आठों लोग अलग-अलग हो गए.

रामेश्वर ठाकुर बताते हैं कि मुझे अगले दिन 27 सितंबर को शाम करीब 6 बजे इस घटना की जानकारी मिली. एक ट्रक ड्राइवर ने मुझे फोन करके बताया कि दो-तीन लोग इस हालत में पड़े हुए हैं. इसके बाद मध्य प्रदेश से मेरे साथ चार लोग तलाश करते हुए फरीदाबाद पहुंचे.

सात साथी अलग-अलग शहरों में मिले, नारायण सिंह की तलाश जारी
रामेश्वर ठाकुर बताते हैं कि पुलिस की तरफ से मुझे आश्वासन दिया गया है कि रास्ते में लगे कैमरे चेक करवाए जा रहे हैं. पुलिस कार्रवाई कर रही है और मैं पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हूं. FIR दर्ज हो गई है और मेरे पिताजी नारायण सिंह ठाकुर अभी लापता हैं.

रामेश्वर ठाकुर ने बताया कि समूह के पांच लोग फरीदाबाद में मिले, एक व्यक्ति मथुरा में मिला और एक भोपाल में मिला. एक व्यक्ति मथुरा में 28 सितंबर को मिला, जबकि एक व्यक्ति 29 सितंबर को भोपाल स्थित अपने घर पहुंचा. इस तरह कुल सात लोग मिल चुके हैं. फरीदाबाद में मिले लोगों का मेडिकल भी हो चुका है. हम लोग फिलहाल बल्लभगढ़ के एक होटल में रुके हुए हैं.

रायसेन के किशनपुर गांव से निकले थे सभी
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले से पैदल वैष्णो देवी दर्शन के लिए निकले 8 लोगों के समूह में से एक व्यक्ति फरीदाबाद पहुंचने के बाद लापता हो गया. मामले में रामेश्वर ठाकुर ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत देकर अपने पिता नारायण सिंह ठाकुर की तलाश करने की मांग की है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

FIR में रामेश्वर ठाकुर ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की बाड़ी तहसील के गांव किशनपुर के रहने वाले हैं. उनके पिता नारायण सिंह ठाकुर के साथ गोपाल सिंह, रणजीत ठाकुर, बालमुकुंद, तोरण सिंह उर्फ बब्बू, बालक सिंह, वीरेंद्र सिंह और भाई साहब ठाकुर समेत कुल 8 लोग 5 सितंबर 2026 को पैदल यात्रा करते हुए वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा, जम्मू रवाना हुए थे.

ट्रक ड्राइवर की सूचना पर पहुंचे परिजन, सीसीटीवी से मिला सुराग
शिकायत के मुताबिक, 27 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे रामेश्वर के पास एक ट्रक ड्राइवर का फोन आया. उसने बताया कि फरीदाबाद सेक्टर-58 में मंदिर के पास दो लोग नशे की हालत में पड़े मिले हैं. इसके बाद 28 सितंबर को जब रामेश्वर फरीदाबाद पहुंचे, तो उन्हें वीरेंद्र सिंह और बालमुकुंद वहां मिले. दोनों ने बताया कि एक दिन पहले सभी लोग अलग-अलग हो गए थे और उन्हें बाकी लोगों के बारे में जानकारी नहीं थी.

FIR में बताया गया है कि रास्ते में कालाजी मंदिर, सिकरी के पास किसी व्यक्ति ने कुछ लोगों को सेब और अन्य पेय पदार्थ दिए थे. इसके कुछ देर बाद भाई साहब ठाकुर भी मिल गए. पुलिस के साथ रास्ते में लगे कैमरों की जांच और तलाश करने के बाद तोरण सिंह उर्फ बब्बू भी मिल गया. वह दिल्ली की तरफ से वापस आया था.

सफेद धोती-कुर्ता, मुंडन कराया सिर; सामान और नकदी भी गायब
शिकायत के अनुसार, अगले दिन करीब 4 बजे बालक सिंह उर्फ नारायण ठाकुर बल्लभगढ़ चौकी के पास एक राहगीर के माध्यम से मिला. इसके बाद रात करीब 9 बजे रणजीत ठाकुर मथुरा में एक राहगीर के माध्यम से मिले. वह दिल्ली की तरफ से वापस गया था. वहीं 29 सितंबर को गोपाल सिंह भोपाल स्थित अपने घर पहुंच गया. इस तरह शिकायतकर्ता के मुताबिक, समूह के 7 लोग मिल चुके हैं, लेकिन उनके पिता नारायण सिंह ठाकुर अभी तक नहीं मिले हैं.

FIR में नारायण सिंह ठाकुर की उम्र करीब 56 वर्ष बताई गई है. उनकी लंबाई करीब 5 फुट 9 इंच, रंग सांवला और शरीर दुबला-पतला बताया गया है. शिकायत के अनुसार उन्होंने मुंडन कराया हुआ है और सफेद धोती-कुर्ता पहना हुआ था. शिकायत में यह भी कहा गया है कि सिकरी क्षेत्र के जिस मंदिर के पास समूह के कुछ लोग मिले थे, वहां उनके साथियों के बैग पड़े मिले. उनके मोबाइल और पैसे भी गायब हैं. रामेश्वर ठाकुर ने पुलिस से अपने पिता की तलाश करने और मोबाइल व पैसे गायब होने के मामले में भी कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज, सिकरी चौकी को सौंपी गई जांच
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 29 सितंबर 2026 को मुकदमा नंबर 719 दर्ज किया है. FIR में BNS की धारा 127(6) और 303(2) का उल्लेख है. पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और शिकायत की प्रति नियमानुसार संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है. जांच की जिम्मेदारी पुलिस चौकी सिकरी के जांच अधिकारी को दी गई है.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर फिर चला बुलडोजर, अवैध ढाबों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

चंडीगढ़ में नामी डॉक्टर की बेटी ने थार से 4 बाइकों को रौंदा, लोगों को देने लगी गालियां, शराब के नशे में थी धुत्त

हरियाणा में IDFC  बैंक में 645 करोड़ रुपये के घोटाले में चंडीगढ़, मोहाली समेत 14 ठिकानों पर ED की रेड

सोनीपत में सही ढंग से सड़क नहीं बनी तो ग्रामीणों का ऐसा प्रदर्शन देखकर सब हैरान, अधिकारी के दफ्तर में खाली कुर्सी की उतारी आरती

हिसार में जतिन हत्याकांड में पत्नी आशा भी गिरफ्तार, अश्वनी के साथ मिलकर ऐसे रची साजिश, गाड़ी के क्लेम का बहाना बनाया था

गुरुग्राम के MG रोड पर फुट ओवरब्रिज और सिकंदरपुर में बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर, GMDA ने शुरू की कवायद, सड़क पर उतरे MD मीणा