हरियाणा: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच रविवार तड़के हरियाणा के कई शहरों में पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई. चरखी दादरी, बहादुरगढ़ और यमुनानगर में कूड़ा उठाने को लेकर पुलिस प्रशासन और हड़ताली सफाई कर्मचारी आमने-सामने नजर आए. कई जगह कर्मचारियों ने जेसीबी के सामने खड़े होकर कूड़ा उठाने का विरोध किया. वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई हड़ताली कर्मचारियों को हिरासत में लिया.
चरखी दादरी में तड़के पुलिस की कार्रवाई
चरखी दादरी में रविवार सुबह करीब 4 बजे नगर परिषद के एक दर्जन से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. कर्मचारियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही सफाई कर्मचारी, कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर एकत्रित हो गए.
सभी ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की और हिरासत में लिए गए कर्मचारियों की तत्काल रिहाई की मांग की. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
कर्मचारियों ने कहा- शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे
हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे. उनका आरोप है कि पुलिस ने अचानक कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया. कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थन में कर्मचारी संगठनों और सामाजिक संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंच गए.
बहादुरगढ़ में देर रात पुलिस और कर्मचारियों के बीच बवाल
बहादुरगढ़ में भी देर रात पुलिस और सफाई कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. पुलिस सुरक्षा में शहर से कूड़ा उठाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध कर दिया. कर्मचारी जेसीबी और पुलिस के सामने खड़े हो गए और कूड़ा उठाने नहीं दिया.
इसके बाद पुलिस ने हड़ताली कर्मचारियों को डिटेन कर थाने पहुंचाया. थाने में भी कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जारी रखा.
सड़कों और चौक-चौराहों पर जमा कूड़ा
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर शहरों की सफाई व्यवस्था पर साफ नजर आ रहा है. सड़कों, गलियों और चौक-चौराहों पर जगह-जगह कूड़ा बिखरा हुआ है. इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सरकार और हड़ताली कर्मचारियों के बीच मांगों को लेकर गतिरोध बना हुआ है. दोनों पक्षों के रुख में फिलहाल नरमी नजर नहीं आ रही है, जिसका सीधा असर शहरों की सफाई व्यवस्था और आम जनता पर पड़ रहा है.
यमुनानगर में जेसीबी के सामने खड़े हुए कर्मचारी
यमुनानगर में भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान पुलिस प्रशासन और कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी. शहर से कूड़ा उठाने के लिए पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध किया.
हड़ताली कर्मचारी जेसीबी के आगे खड़े हो गए और कूड़ा उठाने से रोक दिया. इस दौरान पुलिस और कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मौके पर विरोध प्रदर्शन किया.
कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित
हरियाणा के अलग-अलग शहरों में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित है. प्रशासन कूड़ा उठाने की वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन हड़ताली कर्मचारी इसका विरोध कर रहे हैं. पुलिस कार्रवाई के बाद विवाद और बढ़ गया है.
फिलहाल चरखी दादरी, बहादुरगढ़ और यमुनानगर में स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है. कर्मचारियों की मांगों और सरकार के बीच गतिरोध खत्म नहीं होने पर आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की आशंका है.












