Last Updated:
Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद नगर निगम के सेक्शन इंजीनियर ओमबीर सिंह का यमुनानगर तबादला किया गया है. पार्षद पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद कार्रवाई की गई है. हैरानी की बात है कि ओमबीर 37 साल से फरीदाबाद में तैनात थे और कभी उनका ट्रांसफर नहीं किया गया.
पंचायत से पहले सिंह ने अपने वीडियो में हाथ जोड़कर माफी मांगी
फरीदाबाद. हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद नगर निगम के एक अधीक्षण अभियंता (एसई) का तबादला कर दिया. यह कार्रवाई एक पार्षद के खिलाफ उनकी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर बढ़ते आक्रोश के बाद की गई.
एक अधिकारी ने बताया कि लगभग 37 वर्षों से फरीदाबाद में तैनात ओमबीर सिंह का तबादला यमुनानगर जिले में कर दिया गया है. यह घटनाक्रम सिंह द्वारा एक वीडियो जारी किए जाने के बाद हुआ, जिसमें उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था.
पूर्वांचल समुदाय के सदस्यों ने रविवार को एक पंचायत बुलाई थी. कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप प्रसारित हुई थी, जिसमें कथित तौर पर हुई बातचीत में सिंह ने एक पार्षद के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था. अधिकारी ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद राज्य सरकार ने रविवार को तबादले के आदेश जारी कर दिए.
पंचायत से पहले सिंह ने अपने वीडियो में हाथ जोड़कर माफी मांगी और कहा कि उन्हें उस ऑडियो क्लिप के बारे में जानकारी नहीं थी, जिसे लेकर विवाद पैदा हुआ है.
कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज शर्मा के नेतृत्व में पूर्वांचल समुदाय के सदस्यों ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी. बढ़ते विवाद के बीच सरकार ने रविवार को आदेश जारी कर सिंह का तबादला यमुनानगर कर दिया. इससे पहले, समुदाय के सदस्य उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पंचायत आयोजित करने की तैयारी कर रहे थे.
37 साल से एक ही जगह पर थी तैनाती
ओमबीर सिंह की नियुक्ति 1995 में नगर निगम में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर हुई थी. उन्होंने फरीदाबाद में विभिन्न पदों पर कार्य किया और वहीं कार्यकारी अभियंता के पद पर पदोन्नत हुए. लगभग तीन वर्ष पहले उन्हें अधीक्षण अभियंता के पद पर नियुक्त किया गया था. लगभग 37 वर्षों की अपनी सेवा अवधि के दौरान उनका कभी भी फरीदाबाद से बाहर तबादला नहीं हुआ था.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…
और पढ़ें











