Haryana News: फरीदाबाद में 500 रुपये के लिए खूनी खेल, बीयर की टूटी बोतल से युवक की हत्या

On: August 31, 2026 9:25 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी में 500 रुपये को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में एक युवक पर बीयर की टूटी बोतल से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपी कालू को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सागर और आरोपी कालू दोनों गांधी कॉलोनी के रहने वाले थे और एक साथ चैन-कुप्पी का काम करते थे। कालू ठेकेदार बताया जा रहा है, जबकि सागर उसके साथ मजदूरी करता था। रविवार रात करीब 10 बजे दोनों रेलवे स्टेशन के पास बैठकर शराब पी रहे थे।

500 रुपये मांगने पर शुरू हुआ विवाद

शराब पीने के दौरान सागर ने कालू से अपने 500 रुपये वापस मांगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद झगड़े में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान कालू ने बीयर की बोतल सागर के सिर पर मार दी, जिससे बोतल टूट गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर टूटी हुई बोतल से सागर के गले और पेट पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सागर को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गले में गंभीर चोट से गई जान

परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सागर को मृत घोषित किया। बताया गया कि गले पर कांच लगने से नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा था, जिसके चलते उसकी मौत हुई। घटना की सूचना मिलते ही थाना एनआईटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रखवाया। थाना एनआईटी प्रभारी महाबीर के अनुसार, पुलिस ने आरोपी कालू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now