हरियाणा: हरियाणा में दो विवाहित महिलाओं के लापता होने का मामला सामने आया है. खास बात ये है कि दोनों ही महिलाएं 12वीं कक्षा तक साथ पढ़ी थीं. बताया जा रहा है कि दोनों अपने-अपने घरों से चार छोटे बच्चों, नकदी और करीब 9 लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर लापता हुई हैं. मामला सामने आने के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मचा हुआ है. फिलहाला, पुलिस ने महिलाओं और बच्चों की तलाश शुरू कर दी है.
घर से बच्चों और लाखों के आभूषण लेकर निकली महिला
ये पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब 25 वर्षीय मंजू अपने बल्लभगढ़ स्थित ससुराल से चार वर्षीय बेटे और दो वर्षीय बेटी के साथ लापता हो गई. बताया जा रहा है कि वह करीब 4 लाख रुपये के आभूषण भी अपने साथ ले गई.
परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की और उसकी बचपन की दोस्त रीना से संपर्क करने की कोशिश की, तो पता चला कि रीना भी अपने गुरुग्राम के पटौदी इलाके स्थित घर से लापता है. रीना भी अपने साथ चार वर्षीय बेटी और 18 महीने के बेटे को ले गई है. खास बात ये है कि उसके साथ भी करीब 5 लाख रुपये की नकदी और कीमती सामान गायब है.
व्हाट्सऐप चैट से सामने आया दोनों के बीच करीबी संबंध
दोनों महिलाओं के लापता होने के बाद परेशान परिवारों ने उनकी कॉल डिटेल और निजी मैसेजिंग चैट खंगाली. इस दौरान करीब 18 महीने पुरानी व्हाट्सऐप चैट सामने आई. बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं बातचीत के दौरान एक-दूसरे को ‘माई क्यूट वाइफ’, ‘माई लव’ और ‘बाबू’ जैसे नामों से संबोधित करती थीं.
महिलाओं के पतियों का दावा है कि इन चैट से दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आती है. उन्हें शक है कि दोनों ने लापता होने से पहले गुपचुप तरीके से शादी भी कर ली होगी. हालांकि, पुलिस ने अभी दोनों के बीच शादी होने की पुष्टि नहीं की है.
पतियों ने कहा साथ रहना चाहें तो कोई आपत्ति नहीं
दोनों महिलाओं के पतियों ने कहा है कि अगर दोनों महिलाएं साथ रहना चाहती हैं तो उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है. हालांकि, उन्होंने पुलिस से अपने चारों नाबालिग बच्चों को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है.
पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच
महिलाओं और बच्चों की तलाश को लेकर गुरुग्राम और पलवल पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने दोनों की लोकेशन का पता लगाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, मोबाइल टावर ट्रैकिंग और तकनीकी जांच शुरू की है.
पुलिस की टीमें दोनों महिलाओं और चारों बच्चों की तलाश में जुटी हैं. जांच के दौरान उनके संभावित ठिकानों और मोबाइल लोकेशन को खंगाला जा रहा है.













