70 साल पुराना रास्ता बंद करने के लिए प्रशासन ने चलाई JCB, भड़के खिल्लू कॉलोनी के लोग बोले- हमारे पास पक्की रजिस्ट्री है

On: September 17, 2026 2:43 PM
Follow Us:

Faridabad News: फरीदाबाद के सेक्टर-65 स्थित साहुपुरा गांव की खिल्लू कॉलोनी में आज प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची. टीम में पुरुष और महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे. प्रशासन की तरफ से कॉलोनी में बने एक रास्ते पर दीवार डालकर उसे बंद करने की कार्रवाई की जा रही है. इस गली में कुछ मकान बने हुए हैं और इन्हीं मकानों में रहने वाले लोगों का आने-जाने का रास्ता बताया जा रहा है.

हुड्डा का दावा बनाम स्थानीय लोगों का दर्द
प्रशासन का कहना है कि जिस जमीन पर यह रास्ता बना है वह हुड्डा की जमीन है. प्रशासन के मुताबिक लोगों ने जिनसे प्लॉट खरीदे हैं, उनसे रास्ते के बारे में जानकारी लेनी चाहिए थी. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके पूर्वज कई दशकों से यहां रहते आए हैं और उनके पास जमीन की रजिस्ट्री समेत जरूरी कागजात मौजूद हैं.

लोगों का दावा है कि शुरू से यही उनका रास्ता रहा है और अब इसे जबरदस्ती बंद किया जा रहा है. घरों के मेन गेट के आगे प्रशासन दीवार खड़ी कर रहा है, रास्ता बंद हुआ तो लोग निकलेंगे किस तरफ? आइए जानते हैं प्रशासन और स्थानीय लोगों ने क्या बताया.

स्थानीय बुजुर्ग बोले- ‘1974 से रह रहा हूँ, 70 साल पुरानी रजिस्ट्री’
Local18 से बातचीत में स्थानीय सोहन लाल बताते हैं कि मैं इस कॉलोनी में वर्ष 1974 से रह रहा हूं. शुरू से ही यहां आने-जाने के लिए रास्ता दिया गया था. अब हुड्डा की तरफ से इसकी घेराबंदी की जा रही है. सोहन लाल बताते हैं कि जब जमीन खरीदी थी तब मुझे रास्ता दिया गया था और मेरा मकान रोड पर है. मेरे पास जमीन से जुड़े सभी कागजात मौजूद हैं. जब से मैं इतने सालों से यहां पर रह रहा हूं तो क्या मुझे रास्ता नहीं मिलेगा? मेरी रजिस्ट्री 60 से 70 साल पुरानी है. प्रशासन को पहले जमीन की पैमाइश और सभी दस्तावेजों की जांच करनी चाहिए थी.

‘बिना नोटिस घेराबंदी गलत, हमारे पास रास्ते के दस्तावेज’
स्थानीय निवासी जयसिंह बताते हैं कि मुझे इस कार्रवाई को लेकर कोई नोटिस नहीं मिला है. मेरी रजिस्ट्री करीब 65 साल पुरानी है. मेरे पास जो कागज हैं, उसमें यह रास्ता मेरा दिखाया गया है. जयसिंह के मुताबिक बिना पूरी बात जाने घेराबंदी की जा रही है. अगर किसी ने शिकायत की है तो उसकी जांच होनी चाहिए. रास्ते पर दीवार डालकर उसे बंद करना गलत है.

पीढ़ियों से यही इकलौता रास्ता: संध्या
स्थानीय निवासी संध्या बताती हैं कि मेरे दादा और परदादा भी इसी जगह पर रहते आए हैं. शुरू से यही रास्ता मेरे परिवार के इस्तेमाल में रहा है. यहां से आने-जाने के लिए कोई दूसरा रास्ता नहीं है. मेरे पास जमीन से जुड़े सभी जरूरी कागजात मौजूद हैं.

‘सरकार गरीबों को ही निशाना बनाती है’
स्थानीय निवासी रवि बताते हैं कि गरीब लोगों से ही सरकार बनती है. सरकार ने गरीब लोगों को बहुत परेशान कर दिया है. गरीबों के पीछे ही कार्रवाई की जा रही है. लोग वोट देते समय उम्मीद करते हैं कि आगे उनका भला होगा, लेकिन यहां स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है.

जमीन हुड्डा की, रास्ता विक्रेता से मांगें
मौके पर मौजूद प्रभारी रमेश बताते हैं कि जिस तरफ से बाउंड्री लाइन आ रही है, वह हुड्डा की जमीन की सीमा है. इस गली में बने मकानों के लिए लोगों ने जिनसे प्रॉपर्टी खरीदी है, उन्हीं से रास्ता मांगना चाहिए. रमेश बताते हैं कि यह हुड्डा की जमीन है और इसी जमीन पर रास्ता बना रखा गया है. अब इस रास्ते को बंद किया जा रहा है. लोगों को अपने आने-जाने के लिए दूसरा समाधान खुद निकालना होगा. जिन लोगों ने प्लॉट बेचे हैं, उन्होंने गलत जगह प्लॉट बेच दिया है. प्रभारी उदाहरण देते हुए बताते हैं कि अगर उनके घर के अंदर कोई दूसरा घर बना दे तो वह जमीन उनकी कैसे हो जाएगी. मेरा कहना है कि जिनसे लोगों ने प्लॉट खरीदे हैं, उन्हीं से रास्ते की मांग करनी चाहिए.

मौके पर जेसीबी से काम शुरू
फिलहाल प्रशासन की तरफ से जमीन को हुड्डा की बताते हुए रास्ते की घेराबंदी की जा रही है. वहीं स्थानीय लोग अपनी पुरानी रजिस्ट्री और दस्तावेजों का हवाला देते हुए रास्ता बंद नहीं करने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल एक जेसीबी मशीन आ चुकी है, रास्ते को बंद करने का काम शुरू हो चुका है.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now