Last Updated:
Pitbull Attack: हरियाणा के सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में पिटबुल कुत्ते के हमले का वीडियो सामने आया है. एक खूंखार पिटबुल कुत्ते ने 6 महीने के मासूम बच्चे और उसकी बुआ पर अचानक हमला कर दिया. यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें कुत्ता मासूम पर झपटता साफ दिखाई दे रहा है. हमले में गंभीर रूप से घायल हुए मासूम बच्चे को तुरंत इलाज के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
पिटबुल का आतंक.
सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत पालतू पिटबुल कुत्ते के आतंक का वीडियो आया है. सोशल मीडिया पर सिक्का कॉलोनी में पिटबुल कुत्ते का एक बच्चे पर हमला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि 6 महीने के एक दुधमुंहे मासूम बच्चा घर के बाहर गली में खेल रहा था. आसपास लोग बैठे हुए हैं. तभी सामने वाले घर से कुत्ता निकलता है और बच्चे को दबोच लेता है. इस हादसे में मासूम बच्चा और उसे बचाने वाली उसकी बुआ दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोनीपत की सिक्का कॉलोनी की है. 6 महीने के मासूम को उसकी बुआ गली में लेकर जा रही थीं. तभी अचानक एक घर से निकला खतरनाक पिटबुल कुत्ता तेजी से दौड़ा और सीधे मासूम बच्चे पर झपट पड़ा. सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे कुत्ता मासूम को दबोच लेता है. अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चे की बुआ तुरंत उसे बचाने के लिए आगे आती है और कुत्ते से भिड़ जाती है. कुत्ता बुआ पर भी हमला कर देता है, जिससे दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो जाते हैं.
रोहतक पीजीआई में जिंदगी-मौत का जंग लड़ रहा मासूम
पिटबुल के इस हमले में 6 महीने का बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. चीख-पुकार मचने पर परिजन तुरंत उसे लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां बच्चे की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया. फिलहाल, मासूम बच्चे का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है. वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.
कुत्ते के मालिक की लापरवाही पर उठे सवाल
सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद कुत्ते के मालिक की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि आखिर पिटबुल जैसी खतरनाक और खूंखार नस्ल के कुत्ते को इस तरह खुलेआम बिना सुरक्षा के क्यों रखा जा रहा था? क्या मालिक द्वारा प्रशासन के नियमों और गाइडलाइंस का पालन नहीं किया जा रहा था? हालांकि, इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई आधिकारिक या लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन पर सख्त एक्शन लेने का दबाव बढ़ गया है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें













