हरियाणा के जींद में NIA की रेड: जिम संचालक से संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन को लेकर पूछताछ

On: May 31, 2025 9:05 AM
Follow Us:
हरियाणा

जींद (हरियाणा), 31 मई 2025 – हरियाणा के जींद जिले में शनिवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-8 स्थित एक जिम संचालक के घर रेड डाली। सुबह करीब 5 बजे NIA की टीम मौके पर पहुंची और घर का मुख्य गेट बंद कर पूछताछ शुरू कर दी। रेड के पीछे एक संदिग्ध बैंक ट्रांजेक्शन को कारण बताया जा रहा है।

संदिग्ध अकाउंट में पैसे ट्रांसफर, शक के घेरे में जिम संचालक

सूत्रों के मुताबिक, जिम संचालक ने हाल ही में अपने बैंक खाते से एक संदिग्ध अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए थे। यह खाता पहले से ही NIA की रडार पर था। जैसे ही इसमें पैसा ट्रांसफर हुआ, एजेंसी ने तुरंत एक्शन लिया और संबंधित व्यक्ति को ट्रेस करते हुए उसके घर रेड कर दी।

बताया जा रहा है कि जिम संचालक ने यह लेन-देन किसी जान-पहचान वाले के कहने पर किया था। हालांकि एजेंसी इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि कहीं इस ट्रांजेक्शन का लिंक आतंकी फंडिंग या संगठित अपराध से तो नहीं है

घरवालों को अंदर ही रहने के निर्देश, गेट किया बंद

NIA की टीम ने कार्रवाई के दौरान जिम संचालक के घर का मुख्य गेट बंद कर दिया और घरवालों को अंदर ही रहने का निर्देश दिया। इस बीच टीम ने जिम संचालक से गहन पूछताछ की। खबर लिखे जाने तक टीम ने कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है।

26 नवंबर को भी हुई थी NIA की रेड

यह पहली बार नहीं है जब जींद में NIA की कार्रवाई हुई हो। 26 नवंबर 2024 को भी NIA ने यहां पर नीरज बवाना गैंग से जुड़े आरोपी दिनेश उर्फ टप्पा के घर छापेमारी की थी। टप्पा इस समय तिहाड़ जेल में बंद है और उस पर संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

जांच जारी, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा

फिलहाल रेड को लेकर NIA की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह मामला हवाला या आतंकी फंडिंगसे जुड़ा हो सकता है। जिम संचालक से पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में कुछ और नामों का खुलासा हो सकता है।


वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now