IMD Weather Forecast, 15 October: अक्टूबर का महीना आधा बीत चुका है और अब देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. कहीं मानसून की विदाई की तैयारी है, तो कहीं बारिश, आंधी और ओलावृष्टि लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-NCR में अगले 20 घंटे में मौसम बदल सकता है. आईएमडी के मुताबिक, 15 अक्टूबर को दोपहर बाद से यहां बादलों की आवाजाही के बीच बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं. वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ और कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन बारिश, गरज-चमक तथा तेज हवाओं की गतिविधियों को प्रभावित कर रहे हैं, जबकि दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय होने से बारिश का दौर तेज हो सकता है.
दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में 15 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने और मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. आईएमडी के अनुसार, दोपहर से शाम के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के आसार हैं. यहां बारिश के साथ गरज-चमक के बिजली गिरने की भी संभावना है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की आशंका है.
दिल्ली में बारिश का सिलसिला रात में भी दोबारा शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग ने रात के दौरान भी कई स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक का पूर्वानुमान दिया है. तापमान के मोर्चे पर भी बदलाव देखने को मिल सकता है. अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे दिन के समय गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, इसके बाद तापमान में फिर 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
पंजाब-हरियाणा में खूब होगी झमाझम
पंजाब और हरियाणा में 15 अक्टूबर को मौसम की गतिविधियां तेज रह सकती हैं. पंजाब में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ ओले गिर सकते हैं. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
यूपी में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का खतरा
उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर को खासकर पश्चिमी हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है. आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके साथ गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है. कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर को बिजली चमकने की संभावना है, हालांकि इस दौरान बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. राज्य के पश्चिमी इलाकों में 15 और 16 अक्टूबर को छिटपुट बारिश जारी रह सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की आशंका
उत्तराखंड में भी 15 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. मौसम विभाग ने राज्य में कई स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकते हैं. इसके अलावा, राज्य में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी आशंका है. पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए यात्रा पर निकलने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
बारिश की गतिविधियां 15 अक्टूबर के बाद भी पूरी तरह थमती नजर नहीं आ रही हैं. IMD के मुताबिक, उत्तराखंड में 15 से 18 अक्टूबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं 16 अक्टूबर को भी कुछ जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है.
बिहार-झारखंड में करवट लेगा मौसम
बिहार में कल वैसे तो बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन आगे में तेज बदलाव देखने को मिल सकता है. IMD ने 16 से 18 अक्टूबर के दौरान बिहार में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश की संभावना जताई है. वहीं झारखंड में 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की छिटपुट बारिश होने की संभावना है.
वहीं मध्य भारत में भी अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 से 20 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 से 20 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 से 19 अक्टूबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 से 18 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक तथा तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 15 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 14 से 16 अक्टूबर और पश्चिमी हिस्सों में 14 से 15 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. 15 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में ओलावृष्टि की आशंका है. पश्चिमी राजस्थान में 14 अक्टूबर को भी ओले गिरने का पूर्वानुमान दिया गया था.
दक्षिण भारत में बारिश बढ़ाएगी मुसीबत
दक्षिण भारत में 15 अक्टूबर को भारी बारिश का खतरा ज्यादा महत्वपूर्ण है. IMD ने केरल और माहे तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है.
दक्षिण भारत में बारिश का दौर 15 अक्टूबर के बाद भी जारी रह सकता है. केरल और माहे तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 20 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश में 15 से 19 अक्टूबर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 अक्टूबर तथा 17 से 20 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी 17 और 18 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका है. केरल और तमिलनाडु में 15 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी विशेष रूप से ध्यान देने योग्य है.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में कहां होगी बारिश?
ओडिशा में 14 से 20 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. 15 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 14 से 17 अक्टूबर तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 से 19 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 14 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश की संभावना है और 15 से 20 अक्टूबर तक भी वर्षा का दौर बना रह सकता है.
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 14 से 20 अक्टूबर, जबकि असम और मेघालय तथा नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 से 18 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा में 15 से 20 अक्टूबर तथा मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 14 से 20 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश का अनुमान है. हालांकि, कोंकण-गोवा और तटीय कर्नाटक में बारिश के बावजूद कुछ जगहों पर 14 से 16 अक्टूबर तक गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है.





