Haryana News: जींद के जुलाना में शुक्रवार रात प्रॉपर्टी डीलर कृष्ण उर्फ डैनी हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में डैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
बुलाकर मारी थी गोली
जींद के डीएसपी ऋषभ सोढ़ी ने सोमवार को बताया कि जुलाना थाना पुलिस ने मृतक के पिता पूर्व सैनिक जगदीश की शिकायत पर तीन युवकों को नामजद करते हुए तीन अन्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अपने बयान में जगदीश ने कहा था कि उसका 22 वर्षीय बेटा कृष्ण उर्फ डैनी शुक्रवार रात को अपने 6 दोस्तों के साथ पार्टी करके घर की तरफ लौट रहा था। जब वह जुलाना के पुराना बस स्टैंड के पास पहुंचा, तो एक कार में आए कुछ युवकों ने उसको अपने पास बुलाया और जब कृष्ण कार के पास गया, तो एक युवक ने कृष्ण को गोली मार दी थी। डीएसपी ने बताया कि हत्यारोपी उसी दिन से डैनी की तलाश में थे, जिस दिन उनका डैनी के साथ विवाद हुआ था।
रास्ते में हो गई मौत
गोली लगने के बाद कृष्ण ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ ही दूरी पर गिर गया था। हमलावर मौके से फरार हो गए थे। कृष्ण के दोस्त उसे जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए थे, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था, मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी।
क्या था मामला?
मृतक के पिता ने बताया कि पांच दिन पहले कृष्ण की ब्राह्मणवास गांव के निवासी अंगद, जुलाना के निवासी भोलू व लजवाना खुर्द निवासी पिन्नी के साथ कहासुनी हुई थी। इन्होंने ही अपने अन्य साथियों के साथ कृष्ण की हत्या की है। डीएसपी ऋषभ सोढ़ी ने बताया कि हत्यारों की तलाश में पुलिस की कई टीम लगाई गई थी।










