Last Updated:
Chandigarh Police: सिक्सटीज के दौर से शुरू हुआ छह दशकों का स्वर्णिम सफर और कर्तव्य की वेदी पर सर्वोच्च बलिदान, चंडीगढ़ पुलिस की डायमंड जुबली पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बल को सर्वोच्च सम्मान ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ से नवाजा. पुलिस लाइन में आयोजित भव्य 60वें स्थापना दिवस समारोह में परेड की सलामी लेने के बाद अमित शाह ने चंडीगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर तारीफ की.
अमित शाह ने कहा कि चंडीगढ़ ने सिर्फ 140 दिनों में 85 फीसदी दोषसिद्धि दर हासिल की.
Amit Shah Chandigarh Police: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक नंवबर को चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. पुलिस लाइन में आयोजित हीरक जयंती समारोह में गृह मंत्री ने पुलिस परेड का निरीक्षण करने के साथ मार्च पास्ट की सलामी ली. इसके साथ ही चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति की ओर से स्वीकृत प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ भी प्रदान किया.
अमित शाह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति निशान से अलंकृत किया जाना छह दशकों की सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का सम्मान है. इस अवसर पर चंडीगढ़ पुलिस के सभी वीर शहीदों को नमन करता हूं. कर्तव्यपालन के लिए अपने प्राणों का बलिदान देना पूरे पुलिस बल के लिए गर्व की बात है. 1966 से आज तक चंडीगढ़ पुलिस ने अथक प्रयासों से देश के पुलिस बलों के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखने का काम किया है. इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस के सभी जवानों को हार्दिक शुभकामनाएं.”
गृह मंत्री ने कहा, “घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और प्रभावी रिस्पॉन्स टाइम के मामले में चंडीगढ़ पुलिस आज देश में दूसरे स्थान पर है. आज 141 नए वाहनों के चंडीगढ़ पुलिस के बेड़े में शामिल होने से उसकी कार्यक्षमता और आपातकालीन सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी. मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन आधुनिक संसाधनों के बल पर चंडीगढ़ पुलिस रिस्पॉन्स टाइम के मामले में देश में प्रथम स्थान हासिल करेगी.”
उन्होंने कहा, “शिवालिक पर्वतमाला की तलहटी में बसा चंडीगढ़ देश के सबसे सुनियोजित शहरों में गिना जाता है. लेकिन जब आतंकवाद का दौर आया, तो चंडीगढ़ भी उससे अछूता नहीं रहा. उस कठिन समय में चंडीगढ़ पुलिस ने अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम की पराकाष्ठा का परिचय दिया. अपने शौर्य, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा से चंडीगढ़ पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं शांति सुनिश्चित करने का काम किया. पुलिस का दायित्व नागरिकों को सुगम और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराना है. चंडीगढ़ पुलिस ने विभिन्न ऐप्स और आधुनिक तकनीकी मॉडलों के माध्यम से ऐसी व्यवस्था को धरातल पर उतारा है, जिससे नागरिकों को पुलिस सेवाओं के लिए थाने जाने की आवश्यकता ही न पड़े. इस सराहनीय पहल के लिए चंडीगढ़ पुलिस को विशेष बधाई देता हूं.”
चंडीगढ़ देश में प्रति व्यक्ति सर्वाधिक वाहनों वाले शहरों में शामिल है, फिर भी यहां यातायात व्यवस्था सुचारू रहती है. मैं यहां गृहमंत्री बनने से पहले और बाद में भी आया, लेकिन कभी ट्रैफिक जाम नहीं देखा. यहां क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) का रिस्पॉन्स टाइम मात्र 10 मिनट और पुलिस का घटनास्थल पर पहुंचने का समय महज 4 मिनट है. यह अन्य प्रदेशों के पुलिस बलों के लिए प्रेरणादायक है. चंडीगढ़ ने मात्र 140 दिनों में 85 फीसदी दोषसिद्धि दर हासिल की है. यदि देशभर में न्याय संहिताओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो, तो नागरिकों को न्याय के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई न्याय संहिताओं की शुरुआत भी चंडीगढ़ से की थी और अंग्रेजों के बनाए तीन कानूनों को तिलांजलि देकर कानून आगे बढ़ा. मुझे विश्वास है कि सबसे पहले चंडीगढ़ नशा मुक्त होगा.” शाह ने कहा, “रिस्पॉन्स टाइम के मामले में चंडीगढ़ दुनिया में दूसरे और देश में दूसरे स्थान पर है. मुझे पूरा भरोसा है कि 141 नए वाहन मिलने के बाद, अगले साल यह देश भर के पुलिस बलों में पहले स्थान पर आ जाएगा.”
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें










