Haryana News: सोनीपत से शनिवार को एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। एनएच-44 पर प्रीतमपुरा के पास दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया है। दो-तीन कारों में सवार होकर आए हमलावरों ने युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए।
दोनों युवक हुए घायल
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान गांव तेवड़ी निवासी राहुल और दिल्ली के नरेला स्थित संजय नगर निवासी सुनील के रूप में हुई है। राहुल के हाथ में गोली लगी है, जबकि सुनील की कमर में गोली लगी है। हमले को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए।
हमलावरों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों के बारे में जानकारी जुटा रही है। वारदात के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान दर्ज करने के बाद उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











