Haryana News: हरियाणा के सोनीपत में आपसी विवाद में गोली चलने का मामला सामने आया है। कुंडली स्थित औरा पार्कर मॉल के सामने नेशनल हाईवे-44 पर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। इस घटना में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। सूचना के मुताबिक, एक युवक के हाथ में गोली लगी है, जबकि दूसरे युवक की छाती में गोली लगने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए एक पक्ष के लोग हरियाणा स्टील नाम से दुकान चलाने वाले दुकानदार के पास समझौता करने पहुंचे थे। आरोप है कि दुकान पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी हो गई। इसके बाद करीब 20 से 25 युवक हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए और फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से घायल राहुल ने बताया कि हरियाणा स्टील नाम से दुकान चलाने वाले व्यक्ति के साथ उनका विवाद चल रहा था। इसी मामले में समझौता करने के लिए वे दुकान पर गए थे, लेकिन वहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। राहुल के मुताबिक, इसके बाद बड़ी संख्या में युवक हथियार लेकर पहुंचे और गोलियां चला दीं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, वारदात की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कुंडली थाना प्रभारी के अनुसार, फायरिंग की घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।











