Haryana News: रेवाड़ी से रविवार को एक दर्दनाक खबर सामने आई है। बावल के प्राणपुरा रोड पर तिहाड़ा गांव के पास खेत से घर जाने के लिए इंतजार कर रहे तीन भाई-बहनों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस हादसे में बहन की मौत हो गई, जबकि भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया।
खेत पर कर रहे थे इंतजार
जानकारी के मुताबिक, तिहाड़ा गांव की 20 वर्षीय प्रीति अपने 12 वर्षीय भाई शुभम व 17 वर्षीय 10वीं कक्षा की छात्रा गरिमा के साथ अपने खेत पर गई थी। शाम को खेत से घर लौटने के लिए तीनों सड़क किनारे खड़े होकर अपने गांव के एक युवक का इंतजार कर रहे थे। इस युवक को तीनों भाई-बहनों को अपने साथ ले जाना था।
तेज रफ्तार कार ने कुचला
इस दौरान गांव की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने तीनों भाई-बहनों को अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चालक कार सहित फरार हो गया। तीनों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हुए। उन्हें तुरंत बावल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान गरिमा की मौत हो गई।
भाई-बहनों की हालत गंभीर
प्रीति व शुभम की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की खबर जैसे ही परिजनों को मिली तो वहां मातम छा गया। सूचना मिलते बावल थाना पुलिस दलबल सहित मौके पर पहुंची। बावल थाना प्रभारी ने कहा कि फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तार के प्रयास किए जा रहे हैं।












