Haryana News: करनाल से एक दुखद खबर सामने आई है। अपने परिवार की आर्थिक हालत सुधारने के लिए ऑस्ट्रेलिया गए ब्याहना के 24 वर्षीय तुषार कांबोज की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में शुक्रवार को ह्यूम हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर में ट्रक चालक तुषार की जान चली गई।
पिता करते हैं टेलरिंग
जिस बेटे को बेहतर भविष्य की उम्मीद में टेलर पिता ने कर्ज लेकर विदेश भेजा था उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। परिवार उसके लौटने पर शादी करने के सपने भी संजो रहा था। उसके परिवार में घर पर उसकी मां, छोटा भाई, दादी और चाचा हैं।
पार्ट टाइम ट्रक चलाने का था काम
तुषार के पिता राकेश कुमार ने बताया कि बेटे को विदेश भेजने और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने पशुबाड़ा बेच दिया और कर्ज भी लिया। करीब 15 लाख रुपये खर्च करके एक जनवरी 2022 को बेटे को स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजा था। तुषार ने यहां 12वीं तक पढ़ाई की थी। विदेश में पढ़ाई के साथ वह ट्रक चलाने का काम करने लगा था। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा मेहनत कर आर्थिक स्थिति सुधारेगा और एक दिन घर लौटकर सबके सपने पूरे करेगा।
जनवरी में लौटने की बात कही
उन्होंने बताया कि 29 अक्तूबर को तुषार की परिवार से फोन पर गांव में बन रहे नए घर को लेकर बातचीत हुई थी। परिवार ने उसके घर लौटने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि जनवरी 2027 में मकान का काम पूरा होने के बाद वह वापस आएगा। परिवार ने भी उसके लौटने के बाद शादी की तैयारी करने की उम्मीद लगा रखी थी।
शव भारत लाने की तैयारी
राकेश कुमार ने बताया कि 30 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे ह्यूम हाईवे पर गनिंग के पास हादसा हुआ। तुषार का ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया। परिवार को सुबह करीब पांच बजे हादसे की सूचना मिली। अब परिवार को उसके पार्थिव शरीर के भारत आने का इंतजार है।













