फरीदाबाद: छठ महापर्व नजदीक आते ही अपने गांव और घर लौटने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है. 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत होगी. ऐसे में फरीदाबाद में रहने वाले बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग अपने परिवार के साथ छठ मनाने के लिए घर लौट रहे हैं. कोई बिहार के छपरा जा रहा है तो कोई उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाने की तैयारी कर रहा है. लेकिन घर पहुंचने की राह इतनी आसान नहीं है. रेलवे में कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. कई लोग दो महीने पहले से टिकट कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला. अब मजबूरी में लोग जनरल टिकट लेकर सफर करने को तैयार हैं. फरीदाबाद के बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने Local18 से बातचीत में अपनी परेशानी बताई.
कंफर्म टिकट नहीं मिलने पर जनरल टिकट से सफर करने की मजबूरी
मौसम कुमारी ने बताया कि छठ पूजा पर अपने गांव जाना है, लेकिन काफी कोशिश करने के बाद भी कंफर्म टिकट नहीं मिला. अब जनरल टिकट लेकर ही जाना पड़ेगा. हमारे साथ परिवार के लोग भी जा रहे हैं. त्योहार पर घर जाना जरूरी है, इसलिए परेशानी उठाकर भी सफर करना पड़ेगा.
संगीता देवी ने बताया कि मैं भी इनके साथ ही जा रही हूं. मेरी भी टिकट कंफर्म नहीं हुई है. हम लोग काफी परेशान हैं. कई बार टिकट कराने की कोशिश की, लेकिन टिकट नहीं मिली. अब जनरल टिकट लेकर ही जाना पड़ रहा है. त्योहार पर गांव में ही छठ पूजा मनाएंगे.
हर साल होती है परेशानी
संजय यादव ने बताया कि मैं छपरा का रहने वाला हूं और पिछले 20 साल से फरीदाबाद में रह रहा हूं. छठ पूजा पर अपने पूरे परिवार के साथ गांव जाना है. लेकिन अभी तक कंफर्म टिकट नहीं मिली है. जनरल टिकट लेकर ही जाना पड़ रहा है. हर साल त्योहार के समय यही परेशानी होती है. रेलवे स्टेशन पर भी काफी भीड़ रहती है. पिछली बार भी प्लेटफॉर्म पर लाइन में लगकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ा था. ट्रेन में चढ़ने और उतरने में भी काफी दिक्कत होती है. परिवार के साथ सफर करना और भी मुश्किल हो जाता है.
पार्वती ने बताया कि हम लोग भी छपरा जा रही हूं. रेलवे की तरफ से कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाती हैं, लेकिन हमें किसी भी ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिली. आज भी टिकट लेने आए थे, लेकिन परेशानी बनी हुई है. छठ पूजा अपने गांव में ही मनानी है, इसलिए किसी तरह घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
त्योहार के समय टिकट मिलना मुश्किल
लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि मैं बल्लभगढ़ में रहती हूं और यहां रहते हुए करीब पांच साल हो गए हैं. हर साल छठ पूजा पर अपने घर जाती हूं. इस बार भी गांव जाने की तैयारी है. अभी टिकट कराने की कोशिश कर रहे हैं. त्योहार के समय घर जाने के लिए टिकट मिलना काफी मुश्किल हो जाता है.
प्रियंका ने बताया कि परिवार के साथ छठ पूजा मनाने घर जा रही हूं. लेकिन काफी समय पहले से टिकट देखने के बावजूद कंफर्म टिकट नहीं मिली. करीब एक महीने पहले से टिकट के लिए कोशिश कर रहे हैं, फिर भी परेशानी बनी हुई है. त्योहार पर रेलवे की तरफ से स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाती हैं, लेकिन उनमें भी आसानी से टिकट नहीं मिलती. होली और छठ जैसे त्योहारों पर घर जाना होता है, लेकिन टिकट की समस्या के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती है.
छठ के लिए किसी तरह घर पहुंच जाएं
गुल्लू ने बताया कि मैं करीब 15 साल से फरीदाबाद में रह रहा हूं और यहां ढलाई का काम करता हूं. छठ पर्व पर घर जाना है. टिकट के लिए काफी परेशानी हो रही है. दो महीने पहले से टिकट कराने की कोशिश करनी चाहिए, लेकिन उस समय हम टिकट नहीं करा पाए. अब टिकट वेटिंग में मिल रही है. हर साल त्योहार के समय यही समस्या होती है. रेलवे की तरफ से कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं, लेकिन उनमें भी कंफर्म टिकट नहीं मिल पाई. अब किसी तरह घर पहुंचकर छठ पूजा मनाने की तैयारी है.
छठ पूजा पर यह सभी लोग बल्लभगढ़ से लोकल ट्रेन पकड़कर नई दिल्ली की तरफ जा रहे हैं. उम्मीद के साथ शायद सीट मिल जाए.












