फरीदाबाद में हैं और करनी है छठ की शॉपिंग, तो पहुंचे सेक्टर 3 मार्केट..यहां कम दाम में मिलेंगे सारे सामान

On: November 11, 2026 9:08 AM
Follow Us:

फरीदाबाद: छठ महापर्व की शुरुआत कल से है. कल यानी 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ पर्व की शुरुआत होने जा रही है. ऐसे में फरीदाबाद के बाजारों में भी छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं. बाजारों में सूप, दौरा, नारियल, गन्ना और पूजा में इस्तेमाल होने वाले दूसरे सामान मिलने लगे हैं. हर कोई चाहता है कि छठ पूजा का पूरा सामान एक ही जगह मिल जाए और वह भी उचित रेट पर. फरीदाबाद के सेक्टर-3 मार्केट में इन दिनों छठ पूजा के सामान की दुकानें सजने लगी हैं. इस बाजार की खास बात यह है कि यहां सूप में इस्तेमाल होने वाला लगभग पूरा सामान एक ही जगह मिल जाता है. बाजार में पहुंचने पर ऐसा माहौल नजर आता है, जैसे बिहार के किसी बाजार में आ गए हों.

एक ही जगह मिल रहा छठ पूजा का पूरा सामान

लोकल 18 की टीम जब फरीदाबाद के सेक्टर-3 मार्केट पहुंची तो यहां दुकानदारों और ग्राहकों से बातचीत की. दुकानदारों का कहना है कि कुछ चीजों के रेट में बढ़ोतरी हुई है. वहीं, ग्राहकों को इस बाजार में एक ही जगह पूजा का सामान मिलने से काफी सहूलियत हो रही है.

बिहार में बाढ़ के कारण महंगे हुए सूप और डाला

दुकानदार सुभाष यादव बताते हैं कि हमारे पास छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाला सारा सामान उपलब्ध है. हम कम से कम 15 साल से हर साल यहां दुकान लगा रहे हैं. इस बार पिछले साल के मुकाबले थोड़ी महंगाई है, क्योंकि बिहार से सामान कम आया है. बिहार में बाढ़ के कारण बांस और सूप बनाने के सामान को लेकर दिक्कत हुई है. इस कारण सूप और डाला महंगे हैं. इस बार हमारे यहां डाला 250 से 300 रुपये तक का है. छोटा डाला 150 रुपये का है. नारियल 60 रुपये का एक मिल रहा है. सारा सामान बिहार से ही आता है. सेक्टर-3 मार्केट में रेट दूसरी जगहों के मुकाबले अच्छे हैं.

120 रुपये में सूप और 100 रुपये में मिल रही सूपती

दुकानदार सुनील शाह बताते हैं कि हमारे पास सूप, सूपती और पूजा में इस्तेमाल होने वाला दूसरा सामान मिल जाएगा. सूप का रेट 120 रुपये है और सूपती 100 रुपये की है. नारियल 120 रुपये जोड़ा यानी 60 रुपये का एक मिल रहा है. एक सूप में फल, गन्ना, पंचमेवा और पूजा में इस्तेमाल होने वाली दूसरी चीजें लगती हैं. ये सभी चीजें मेरे पास उपलब्ध हैं. छठ पूजा में जब यहां मार्केट लगता है तो लगेगा ही नहीं कि यह फरीदाबाद है. ऐसा लगेगा जैसे बिहार का कोई बाजार हो.

पहली बार छठ पूजा का सामान खरीदने पहुंचीं महिलाएं

ग्राहक रिंकी देवी बताती हैं कि हम बिहार के रहने वाले हैं और यहां छठ पूजा का सामान खरीदने आए हैं. अभी पहली बार बाजार करने आए हैं. सामान देख रहे हैं और रेट भी पूछ रहे हैं. यहां बाजार में सामान मिल रहा है और रेट भी ठीक लग रहा है.

ग्राहक प्रीति कुमारी बताती हैं कि हम भी पहली बार यहां छठ पूजा का सामान खरीदने आए हैं. अभी बाजार देख रहे हैं और सामान के रेट पता कर रहे हैं. यहां कई तरह की दुकानें लगी हैं और एक ही जगह सामान मिल रहा है.

हर साल इसी बाजार से खरीदते हैं छठ पूजा का सामान

ग्राहक रश्मि देवी बताती हैं कि हम हर साल यहीं से छठ पूजा का सामान खरीदते हैं. यहां सस्ता-महंगा हर तरह का सामान मिल जाता है. जैसा सामान चाहिए, वैसा मिल जाता है. काफी समय से यहां बाजार से सामान खरीद रहे हैं. इस मार्केट में उचित रेट पर सामान मिल जाता है.

ग्राहक राजकुमार बताते हैं कि हम फरीदाबाद के सीही गांव में रहते हैं और पीछे से बिहार के रहने वाले हैं. यहां करीब 15 साल से रह रहे हैं और पिछले पांच साल से यहीं छठ पूजा कर रहे हैं. छठ का सारा सामान इसी बाजार से लेकर जाते हैं. यहां का रेट ठीक है और सभी सामान उपलब्ध हैं. दूसरी जगहों पर भी रेट लगभग एक जैसे ही रहते हैं, लेकिन यहां सामान अच्छा मिल जाता है. इस बार सामान कम आया है, इसलिए कुछ चीजों के रेट थोड़े बढ़े हुए हैं. यह मार्केट और जगहों से सस्ता है.

30 साल से फरीदाबाद में रह रहीं मींता देवी हर साल यहीं से खरीदती हैं सामान

ग्राहक मींता देवी बताती हैं कि हम करीब 30 साल से यहां रह रहे हैं और छठ पूजा के लिए हमेशा इसी बाजार में आती हूं. यहां का रेट अच्छा है और छठ पूजा का सारा सामान मिल जाता है. हम लोग यहीं से सामान खरीदकर ले जाते हैं. इस बार भी सूप, डाला और नारियल समेत पूजा का पूरा सामान यहीं से खरीद रही हूं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now