Haryana News: हरियाणा में कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, अर्जुन चौटाला बोले- रोज हो रहे मर्डर, पुलिस भी नहीं सुन रही!

On: November 17, 2026 1:52 PM
Follow Us:

Haryana News: इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने भाजपा सरकार पर प्रदेश में बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, प्रदूषण और कथित भ्रष्टाचार को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न तो सबका साथ है और न ही सबका विकास। सरकार के 12 साल के कार्यकाल में जनता की समस्याएं बढ़ी हैं, जबकि सरकारी खजाने का फायदा मंत्रियों, नेताओं और अधिकारियों को मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी नियुक्त मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति जनता के बीच नहीं जाता, वह आम आदमी की समस्याओं को कैसे समझ सकता है।

हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था से लेकर विकास और प्रदूषण तक के मुद्दों पर सवाल खड़े किए हैं। अर्जुन चौटाला ने कहा कि प्रदेश में रोजाना हत्याएं हो रही हैं, अपराध लगातार बढ़ रहा है और सरकार के सबका साथ-सबका विकास के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। वहीं, पराली जलाने वाले किसानों के नाम रेड डायरी में दर्ज करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों और निर्माणाधीन इमारतों पर कार्रवाई की मांग की।

इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने चौधरी अभय सिंह चौटाला की बढ़ती राजनीतिक स्वीकार्यता का जिक्र करते हुए कहा कि रोहतक और नूंह रैलियों के बाद प्रदेश में उनके प्रति लोगों का समर्थन लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अभय सिंह चौटाला ने जमीन पर अपने वादों को पूरा करके दिखाया है और अब पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ युवा संगठन के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।

भाजपा सरकार के 12 साल के कार्यकाल और विकास के दावों पर निशाना साधते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि प्रदेश में न सबका साथ है और न सबका विकास। उन्होंने भिवानी में दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत काटी गई कॉलोनियों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सरकार में जमीन अधिग्रहण के नाम पर बड़े स्तर पर खेल हो रहा है। सरकार के लोग पहले जमीन खरीदते हैं और बाद में सरकार उसी जमीन का अधिग्रहण लाखों-करोड़ों रुपये में करती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साल के दो लाख करोड़ रुपये के बजट में से एक लाख करोड़ रुपये जमीन अधिग्रहण पर खर्च किए गए और इसका बोझ जनता पर कर्ज के रूप में बढ़ रहा है।

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि हरियाणा में अपराध लगातार बढ़ रहा है और आए दिन हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि पुलिस प्रशासन भी सरकार के नियंत्रण में नहीं है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे प्रदेश की वास्तविक स्थिति को सामने लाएं, ताकि प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री को लेकर भी अर्जुन चौटाला ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दो तरह के होते हैं। एक वह जो जनता के बीच जाकर चुनाव जीतता है, लोगों से वादे करता है और उन्हें पूरा करने की जिम्मेदारी उठाता है। दूसरा वह जिसे नियुक्त कर दिया जाता है। उन्होंने मौजूदा मुख्यमंत्री को नियुक्त मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति जनता के बीच नहीं बैठता, वह आम आदमी की परेशानियों को कैसे समझ सकता है।

विपक्षी दलों पर भी अर्जुन चौटाला ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रोजगार, कानून व्यवस्था और जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाने के बजाय विपक्षी दल आपस में लड़ने और एक-दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं। वहीं वोट चोरी के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस और भाजपा दोनों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर दोनों दलों पर वोट से जुड़ी गड़बड़ियों के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन जनता के मन में बदलाव की भावना को कोई नहीं बदल सकता।

प्रदूषण के मुद्दे पर अर्जुन चौटाला ने किसानों के समर्थन में सरकार को घेरते हुए कहा कि जब भी प्रदूषण की बात आती है तो हरियाणा के किसानों को बदनाम किया जाता है। सरकार ने पराली जलाने वाले किसानों के नाम रेड डायरी में दर्ज करने का फैसला लिया है, लेकिन सवाल यह है कि प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों और उद्योगों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?

उन्होंने कहा कि अगर रेड डायरी में नाम दर्ज करने हैं तो सबसे पहले उन फैक्ट्रियों के नाम दर्ज होने चाहिए, जो नहरों और नदियों को प्रदूषित कर रही हैं और वातावरण में जहरीला धुआं छोड़ रही हैं। गुरुग्राम में बड़े स्तर पर बन रही इमारतों का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि निर्माण के दौरान नियमों के मुताबिक इमारतों को ढकना जरूरी है, लेकिन क्या वास्तव में इन नियमों का पालन हो रहा है? सरकार ऐसी निर्माण गतिविधियों पर पाबंदी क्यों नहीं लगाती?

अर्जुन चौटाला ने कहा कि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केवल किसानों को निशाना बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सरकार को प्रदूषण फैलाने वाले बड़े उद्योगों, फैक्ट्रियों और निर्माण गतिविधियों पर भी सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, घोटालों, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसी समस्याओं से परेशान है और सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now