6 साल बाद खुला अंग्रेजों के जमाने का क्लब, अंदर का नजारा देख नम हुई आंखें, 95 साल पुराने इतिहास का ऐसा मंजर

On: November 19, 2026 9:14 PM
Follow Us:

अंबाला: समय कितना बदल जाता है, इसकी एक भावुक तस्वीर अंबाला छावनी के विजय रतन चौक स्थित ऐतिहासिक अंबाला क्लब में देखने को मिली. कभी जिस इमारत में अंग्रेज अधिकारी और उनके परिवार के सदस्य बैडमिंटन, टेनिस समेत कई खेलों का आनंद लेने पहुंचते थे, आज उसी इमारत के अंदर कांच के टूटे हुए टुकड़े, धूल और उगी हुई झाड़ियां दिखाई दे रही हैं.

करीब छह साल तक बंद रहने के बाद जब इस ऐतिहासिक भवन के ताले खुले तो क्लब के पुराने सदस्य एक बार फिर अपने उस ठिकाने पर पहुंचे, जहां उनकी जिंदगी की कई खूबसूरत यादें जुड़ी हुई हैं. किसी ने पुरानी इमारत को निहारा तो किसी को यहां बिताए पुराने दिन याद आने लगे. चेहरे पर दोबारा क्लब खुलने की खुशी थी, लेकिन अंदर की बदहाल हालत देखकर मन में उदासी भी थी. सदस्यों के लिए यह सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि उनकी पुरानी यादों और आपसी रिश्तों का हिस्सा है.

अंग्रेजों के शासनकाल में हुआ था निर्माण
बता दें कि अंबाला छावनी का यह क्लब करीब 95 साल पुराना इतिहास अपने अंदर समेटे हुए है. साल 1931 में ब्रिटिश शासनकाल के दौरान इस भवन का निर्माण करवाया गया था. वहीं अंग्रेज अधिकारी और उनके परिवार के सदस्य यहां अपना खाली समय बिताने के लिए आया करते थे. इस भवन में बैडमिंटन, टेनिस जैसी खेल गतिविधियों की व्यवस्था थी. उस दौर में यह स्थान अंग्रेज अधिकारियों के मनोरंजन और आपसी मेलजोल का खास केंद्र हुआ करता था. लेकिन समय के साथ देश आजाद हुआ और अंग्रेजी हुकूमत का दौर समाप्त हो गया, लेकिन इस इमारत की पहचान बरकरार रही.

धीरे-धीरे स्थानीय लोग भी इस क्लब से जुड़ते चले गए. यहां केवल खेलकूद ही नहीं होता था, बल्कि लोग एक-दूसरे के साथ बैठकर बातचीत करते, परिवारों के साथ समय बिताते और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से कुछ पल सुकून के निकालते थे. कई सदस्यों के लिए इस क्लब से जुड़ाव इतना गहरा था कि यहां बिताया गया समय आज भी उनकी यादों में ताजा है.

भवन के अंदर की जर्जर हालत
हालांकि, 6 साल पहले नगर परिषद की ओर से इस क्लब भवन को अवैध बताते हुए सील कर दिया गया था. इसके बाद करीब छह साल तक यहां गतिविधियां पूरी तरह बंद रही. अब न्यायालय के आदेशों के बाद पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में क्लब के ताले दोबारा खोले गए. लंबे समय बाद अपने पुराने ठिकाने पर पहुंचने की खुशी में सदस्यों ने ढोल बजाकर खुशी मनाई.

मगर जैसे ही वे भवन के अंदर पहुंचे, वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए. कभी खेल गतिविधियों और लोगों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली इस इमारत में अब कांच के टूटे टुकड़े, गंदगी और जगह-जगह उगी झाड़ियां दिखाई दीं. भवन के अंदर पेड़-पौधे उग आए थे, सदस्यों को उम्मीद थी कि उन्हें अपनी पुरानी जगह पहले जैसी देखने को मिलेगी. लेकिन बदहाल स्थिति ने उनकी पुरानी यादों के साथ एक भावुक पल भी जोड़ दिया.

सालों पुरानी याद हुई ताजा
क्लब के सदस्यों के लिए ताला खुलना केवल भवन में प्रवेश करने का मौका नहीं था, बल्कि वर्षों पुरानी यादों से दोबारा जुड़ने जैसा था. जब सदस्य अंदर पहुंचे तो वे एक-एक जगह को ध्यान से देखते नजर आए. कभी जहां दोस्तों के साथ बैठकर बातचीत होती थी और खेलों की गतिविधियां चला करती थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ था. सदस्यों के मन में उन दिनों की यादें ताजा हो गईं, जब दोपहर के बाद यहां लोगों का आना-जाना लगा रहता था.

भवन की साफ-सफाई और मरम्मत
वहीं लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए क्लब के प्रधान राजीव सियाल ने बताया कि वे इस ऐतिहासिक इमारत को फिर से पहले की तरह जीवंत देखना चाहते हैं. इसके लिए भवन की साफ-सफाई, मरम्मत और जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है. उनकी योजना अगले तीन से चार महीने में क्लब को दोबारा शुरू करने की है. इसके साथ ही नए सदस्यों को जोड़कर यहां फिर से खेल और दूसरी गतिविधियां शुरू की जाएंगी.

फिर से शुरू होगा क्लब
उन्होंने कहा कि यहां पर उनके परिवार के सदस्य अक्सर आया करते थे और अपना समय बिताया करते थे. लेकिन पिछले 6 साल से हुए हैं, कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे और अब उनकी जीत हुई है. वहीं मामले में अधिवक्ता रोहित मित्तल ने बताया कि न्यायालय के आदेशों के बाद पुलिस की मौजूदगी में क्लब को दोबारा खुलवाया गया है. साथ ही क्लब से गायब सामान को वापस दिलवाने के लिए भी कहा गया है. अब क्लब के सदस्य इसे फिर से पहले की तरह संचालित करने की तैयारी में जुट गए हैं.

गायब सामानों की पुलिस में देंगे शिकायत
उन्होंने बताया कि आज जब इसका ताला खोला गया है, तब जो भी यहां पर सामान था, वह बिल्कुल कुछ भी नहीं मिला है. बस दीवारों के सिवाय इस क्लब में कुछ भी दिखाई नहीं दिया है. उन्होंने कहा कि जो यहां से सामान गायब हुआ है, उसकी वह शिकायत भी पुलिस में देंगे और क्लब के सदस्य द्वारा से इस क्लब को चालू करेंगे.

इतिहास को दोबारा संवारने की कोशिश
उन्होंने कहा कि यहां पर लाइब्रेरी थी जिसमें बच्चे आकर कभी-कभी पढ़ाई भी किया करते थे, लेकिन अब वह भी यहां पर मौजूद नहीं है और चोरी हो चुकी है. वहीं अंबाला क्लब की यह कहानी केवल एक पुरानी इमारत के खुलने की नहीं है, बल्कि उस इतिहास को दोबारा संवारने की कोशिश है, जिससे शहर की कई पीढ़ियों की यादें जुड़ी हुई हैं. अब सदस्यों की कोशिश है कि 1931 में बनी यह ऐतिहासिक धरोहर फिर से लोगों की हंसी, बातचीत और खेल गतिविधियों से गुलजार हो सके.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

जंगल में ली थी समाधि, आज लगता है ऐतिहासिक मेला, जानें बनी वाले बाबा मंदिर की कहानी

बैंगन की खेती में इन बातों का रखें ध्यान, फरीदाबाद के किसान ने बताया कमाई का तरीका

‘अफगानिस्तान से वापस लाई जाए भगवान चक्र स्वामी की मूर्ति’, मंत्री जयशंकर को लिखा पत्र, महमूद गजनी ने लूटी थी

हरियाणा में लाल मस्जिद से टोंटी चुराने के आरोप में युवक को पकड़कर पिलर से बांधा, मारपीट का आरोप, पुलिस बोली-शिकायत नहीं मिली

हरियाणाः पहली बार युवक का तीसरी बार ट्रांसप्लांट, पहले, मां फिर पत्नी और अब छोटे भाई ने किडनी दान देकर बचाई जान

Haryana Gold Silver Rate Today: हरियाणा में ₹1 लाख से नीचे आया सोना ! चांदी का भाव गिरा, चेक करें आज के रेट | Haryana