करनाल: खेती और पशुपालन के साथ अतिरिक्त आमदनी का जरिया तलाश रहे किसानों के लिए बकरी पालन एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है. करनाल के सोनू पाल ने इसी सोच के साथ करीब पांच साल पहले बकरी पालन शुरू किया था. उन्होंने शुरुआत में इसे छोटे स्तर पर शुरू किया, लेकिन धीरे-धीरे इसमें निवेश बढ़ाया. अब उनके कमर्शियल गोट फार्म में करीब 150 से 175 बकरियां हैं. खास बात यह है कि सोनू ने बकरी पालन को दूध उत्पादन के बजाय पूरी तरह प्रजनन और बच्चों की बिक्री पर आधारित व्यवसाय के रूप में विकसित किया है.
सोनू पाल लोकल 18 से बताते है कि वे गांव श्रवण माजरा क्षेत्र के रहने वाले हैं. उनका विचार था कि पशुपालन से जुड़ी गतिविधियों में गाय और भैंस के साथ बकरी पालन को भी स्थान मिलना चाहिए. उन्होंने एनडीआरआई के निदेशक के साथ हुई एक बैठक में यह सुझाव रखा था. उनका सुझाव स्वीकार किया गया और इस बार आयोजित प्रदर्शनी में बकरियों को भी शामिल किया गया. सोनू के लिए यह पहला अवसर था, जब उनके फार्म की बकरियों ने इस तरह की प्रदर्शनी में हिस्सा लिया.
तीन साल तक नहीं बेचे बच्चे, तैयार किया बड़ा फार्म
सोनू बताते हैं कि उन्होंने करीब पांच साल पहले बकरी पालन शुरू किया था. उन्होंने शुरुआती तीन वर्षों तक बकरियों और उनके बच्चों को बेचने के बजाय फार्म में ही रखा. इस दौरान उनका ध्यान बकरियों की संख्या बढ़ाने और अपने व्यवसाय को मजबूत आधार देने पर रहा. इसके लिए उन्होंने लगातार निवेश किया और धैर्य के साथ काम किया. उनके अनुसार, इसके बाद बकरियों की बिक्री से उन्हें अब तक फार्म में किए गए निवेश की भरपाई करने में मदद मिली है. वर्तमान में उनके पास करीब 150 से 175 बकरियां हैं, जिन्हें वह अपने व्यवसाय की पूंजी मानते हैं.
दूध नहीं, बच्चों के उत्पादन पर आधारित है कारोबार
बकरी पालन के बारे में सोनू का कहना है कि उन्होंने अपने फार्म को दूध उत्पादन के लिए नहीं, बल्कि प्रजनन और बच्चों के उत्पादन के उद्देश्य से विकसित किया है. बकरियों के बच्चे तैयार होने पर उनकी बिक्री से आमदनी होती है. उनके अनुसार, बकरी पालन को खेती और गाय-भैंस पालन के साथ अतिरिक्त व्यवसाय के तौर पर अपनाया जा सकता है. जिन लोगों के पास ज्यादा कृषि भूमि नहीं है, वे भी उपलब्ध जगह के अनुसार छोटे स्तर पर इसकी शुरुआत कर सकते हैं. उनका मानना है कि सीमित जगह वाले परिवार भी उचित व्यवस्था और देखभाल के साथ इस व्यवसाय की संभावनाएं तलाश सकते हैं.
बकरी पालन को बताते हैं भविष्य का व्यवसाय
सोनू बकरी पालन को किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का ऐसा माध्यम मानते हैं, जिसे खेती के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है. उनका कहना है कि बकरी को कई लोग ‘एटीएम’ यानी कभी भी आमदनी देने वाला पशु कहते हैं, क्योंकि जरूरत के समय बकरी या उसके बच्चे बेचकर पैसा प्राप्त किया जा सकता है. हालांकि, इसके लिए अच्छी नस्ल, उचित देखभाल, प्रजनन प्रबंधन और बाजार की मांग को समझना जरूरी है. बकरी पालन में शुरुआती वर्षों में धैर्य और निवेश की जरूरत होती है. उन्होंने पहले तीन साल बकरियों की संख्या बढ़ाने पर ध्यान दिया और अब अपने फार्म को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं. उनका लक्ष्य इस व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाना और आने वाले समय में इसकी वास्तविक कमाई का आकलन करना है.
बकरियों ने दिलाया सम्मान, फार्म से सालाना 12 लाख रुपये तक कमाई
सोनू पाल के लिए इस बार की प्रदर्शनी खास रही. उनके फार्म से शामिल नर बकरी ने अपनी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया, जबकि मादा बकरी को दूसरा स्थान मिला. सौंदर्य श्रेणी में मिली इस उपलब्धि से उनका उत्साह बढ़ा है. सोनू का कहना है कि भविष्य में भी जहां इस तरह के अवसर मिलेंगे, वह अपनी बकरियों को लेकर प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे. सोनू का कहना है कि फार्म से वे सालाना करीब 10 से 12 लाख रुपये कमा रहे है. हालांकि, वह अभी इसे अंतिम शुद्ध मुनाफा नहीं मानते है. उनका कहना है कि वर्ष 2027 से वह खर्च और आमदनी का अलग-अलग हिसाब तैयार कर सकेंगे, जिससे वास्तविक शुद्ध लाभ का स्पष्ट आकलन हो पाएगा.













