Haryana Weather: हरियाणा में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, 3 ज़िलों में सर्दी की पहली बारिश

On: January 9, 2026 9:07 AM
Follow Us:
Haryana Weather Alert, Haryana Weather Update, हरियाणा का मौसम

Haryana Weather: हरियाणा में पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। शुक्रवार सुबह फरीदाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश हुई, जिससे दिन में भी ठिठुरन बनी रही। हालांकि बारिश के कारण कई इलाकों में कोहरा छंट गया, लेकिन तापमान में गिरावट से सर्दी और बढ़ गई है।

राजस्थान से सटे और मध्य हरियाणा के जिलों में कोल्ड वेव (शीतलहर) का असर लगातार देखने को मिल रहा है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार आज और कल ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है।


GT रोड बेल्ट में कोहरा, विजिबिलिटी प्रभावित

जीटी रोड बेल्ट के जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई। गुरुग्राम, फरीदाबाद के साथ-साथ पानीपत में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। यह सर्दी के मौसम की पहली बारिश मानी जा रही है।


17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज भी हरियाणा के 17 जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें शामिल हैं—
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल, गुरुग्राम, पलवल और नूंह।


राजस्थान सीमा से सटे जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति

राजस्थान से सटे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को भी 8 जिलों में अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया, जिससे दिन में भी ठंड का असर साफ नजर आया।


इन जिलों में 5 डिग्री तक गिरा तापमान

शीतलहर के चलते कई जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई—

  • अंबाला और हिसार: 5.4 डिग्री

  • महेंद्रगढ़: 5.9 डिग्री

  • करनाल: 4.8 डिग्री

  • रोहतक: 4.4 डिग्री

इसके अलावा सिरसा, जींद, कैथल, पानीपत और सोनीपत में भी तापमान में गिरावट देखी गई है।


धुंध से ट्रेनें प्रभावित

धुंध के कारण अंबाला रेलवे सेक्शन में 16 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

  • उचाहार एक्सप्रेस – 7 घंटे

  • मालवा एक्सप्रेस – 5 घंटे

  • शहीद एक्सप्रेस – करीब 1.5 घंटे

  • सचखंड एक्सप्रेस – करीब 1.45 घंटे देरी से चल रही है।


हरियाणा सरकार अलर्ट, कोल्ड वेव एक्शन प्लान लागू

बढ़ती सर्दी को देखते हुए हरियाणा सरकार भी एक्टिव मोड में आ गई है।
सरकार ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए 40 किमी प्रति घंटा से अधिक गति न रखने के निर्देश दिए हैं। रोडवेज ड्राइवरों को सख्त हिदायत दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही सरकार ने कोल्ड वेव एक्शन प्लान लागू कर दिया है, जिसके तहत जरूरतमंदों को गर्म कपड़े बांटे जा रहे हैं और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं।


मकर संक्रांति तक ठंड से राहत नहीं

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार राज्य में मौसम 13 जनवरी तक शुष्क बना रह सकता है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे रात के तापमान में गिरावट और दिन में हल्की ठंड बनी रहेगी।

देर रात और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने की संभावना है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now