Haryana Weather Update: हरियाणा में पहाड़ों जैसी ठंड, हिसार में 0.5 डिग्री पहुंचा पारा, 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

On: January 15, 2026 8:00 AM
Follow Us:

Haryana Weather Update: हरियाणा में पहाड़ों की बर्फीली ठंड अब मैदानों तक पहुंच गई है। शीतलहर और बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश में तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। बुधवार को हिसार में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दो वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ने के साथ ही पिछले 10 वर्षों में पांचवीं बार इतनी कम गिरावट है। इससे पहले वर्ष 2025 में 15 जनवरी को 3.5 डिग्री और 2024 में 16 दिसंबर को 1.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।

कंपकंपा देने वाली सर्दी के चलते प्रदेश के 8 जिलों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विभाग ने ठंड और घने कोहरे को देखते हुए 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह (मेवात) शामिल हैं। इन जिलों में सुबह के समय बहुत घना कोहरा और शीतलहर चलने की संभावना है।

वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर बना रहेगा।

इन जिलों में सीवियर कोल्ड डे

मौसम विभाग के अनुसार अंबाला, हिसार, करनाल, जींद, कैथल, पानीपत और सोनीपत में सीवियर कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। अंबाला में तापमान सामान्य से 8.8 डिग्री कम, हिसार में 6.3 डिग्री और करनाल में 7.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

आईएमडी के अनुसार 16 और 17 जनवरी को भी कई जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। 16 जनवरी से कुछ इलाकों में स्थिति थोड़ी बेहतर हो सकती है, लेकिन 18 जनवरी तक ठंड का असर बना रहने की संभावना है। 19 जनवरी के बाद हल्की बारिश होने से मौसम में कुछ राहत मिल सकती है।

दिन का तापमान भी गिरा

प्रदेश में न्यूनतम तापमान औसत से करीब 3 डिग्री कम बना हुआ है। अंबाला में अधिकतम तापमान 9.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.8 डिग्री कम है। वहीं पलवल में अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 10 से 15 डिग्री के बीच रहा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now