हरियाणा के इस जिले में आज धारा 163 लागू, इन चीजों पर रहेगी पाबंदियां, सीएम करेंगे प्री–बजट संवाद

On: January 15, 2026 8:18 AM
Follow Us:

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज हिसार जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वह आगामी बजट को लेकर किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, पार्षदों और सरपंचों से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्री-बजट सुझावों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) पहुंच सकते हैं और शाम करीब 4 बजे तक हिसार में रहेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एचएयू परिसर में किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के साथ बजट को लेकर विचार-विमर्श करेंगे। इस दौरान हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में फसल, सिंचाई, कृषि अनुसंधान, किसान हित और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े अहम सुझाव सामने आ सकते हैं, जिन्हें आगामी राज्य बजट में शामिल किया जा सकता है।

इसके बाद मुख्यमंत्री गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में पार्षदों और सरपंचों के साथ प्री-बजट बैठक कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा की उपस्थिति भी रहेगी। यहां शहरी और ग्रामीण विकास, सड़क, जलापूर्ति, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े सुझाव लिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को उपायुक्त महेंद्र पाल और पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने एचएयू और जीजेयू सहित विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा घेरा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पार्किंग स्थलों को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और अग्निशमन व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

वहीं पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर सभी कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और प्रवेश व निकास बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाए। यातायात पुलिस को रूट डायवर्जन और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पहले से ठोस योजना लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिलाधीश महेंद्र पाल ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। इसके अंतर्गत चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय और अन्य कार्यक्रम स्थलों को ड्रोन नियम 2021 के तहत रेड जोन घोषित किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचा जा सके।

 

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now