Last Updated:
Elvish Yadav House Firing Latest Update: एल्विश यादव के गुरुग्राम वाले घर पर फायरिंग के मामले में क्राइम ब्रांच को 11 महीने बाद सफलता मिली है. पुलिस ने मास्टरमाइंड और छठे आरोपी भविष्य दहिया को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी भविष्य दहिया और एल्विश यादव कभी बिजनेस पार्टनर हुआ करते थे, लेकिन पैसों के लालच और फाइनेंसियल विवाद के चलते इसे अंजाम दिलवाया.
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग कराने वाला छठा आरोपी रोहतक से गिरफ्तार.
गुरुग्राम: यूट्यूबर एल्विश यादव के सेक्टर-57 स्थित घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग गुरुग्राम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. क्राइम ब्रांच ने एक अन्य मुख्य आरोपी को हरियाणा के रोहतक से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है. पिछले साल 17 अगस्त 2025 को हुई इस वारदात के तकरीबन 11 महीने बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल छठे आरोपी को धर दबोचा है. पुलिस की गिरफ्त में आए इस छठे आरोपी की पहचान भविष्य दहिया के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी भविष्य दहिया और एल्विश यादव कभी बिजनेस पार्टनर हुआ करते थे, लेकिन पैसों की लालच और आपसी फाइनेंसियल विवाद इस खौफनाक हमले की मुख्य वजह बना.
पैसों के लालच में रची गई थी पूरी साजिश
गुरुग्राम पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि आरोपी भविष्य दहिया ने एक अन्य शख्स के साथ मिलकर एल्विश यादव के घर पर डराने और धमकाने के उद्देश्य से फायरिंग की पूरी प्लानिंग तैयार की थी. दोनों के बीच चल रहे भारी वित्तीय विवाद के कारण भविष्य को लगा कि इस तरह का दबाव बनाकर वह पैसे ऐंठ सकता है. इसी लालच में आकर उसने शूटरों का इंतजाम किया और वारदात को अंजाम दिलवाया.
यह पूरी घटना पिछले साल 17 अगस्त 2025 को घटित हुई थी, जब बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश हमलावरों ने सेक्टर-57 स्थित एल्विश यादव के आवास पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं. हमलावरों की यह सारी करतूत वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई थी, जिसके बाद से ही पुलिस की कई टीमें इन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं.
क्राइम ब्रांच ने रोहतक से दबोचा
वारदात के बाद एल्विश यादव के पिता ने गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी. घटना के तुरंत बाद फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की टीमों ने मौके का मुआयना किया था, जहां से पुलिस को कई खाली कारतूस और फिंगरप्रिंट्स के अहम सुराग मिले थे.
लंबे समय से फरार चल रहे भविष्य दहिया को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 की टीम लगातार दबिश दे रही थी, जिसे आखिरकार रोहतक से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है, लेकिन जांच अभी भी बंद नहीं हुई है. पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि क्या इस साजिश के तार किसी और बड़े नेटवर्क से भी जुड़े हैं.
एल्विश यादव के घर पर फायरिंग की यह घटना कब और कहां हुई थी?
एल्विश यादव के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की यह सनसनीखेज वारदात पिछले साल 17 अगस्त 2025 को गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित उनके आवास पर हुई थी.
हाल ही में गिरफ्तार किए गए छठे आरोपी का क्या नाम है? वह कहां का रहने वाला है?
इस मामले में 11 महीने बाद गिरफ्तार किए गए छठे आरोपी का नाम भविष्य दहिया है. वह रोहतक जिले का रहने वाला है.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें











