जींद. हरियाणा के जींद में जमीन के बंटवारे को लेकर पूर्व सरपंच ने अपने इकलौते बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी. तलौडा गांव में 14 अक्तूबर की रात पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद पिता मदनलाल ने अपने बेटे मुरारी (26) पर लाइसैंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी. मुरारी को 4 गोलियां लगीं, जबकि मौके से पुलिस को 7 खोल मिले. आरोपी मदन गांव तलोंडा का सरपंच भी रहा है.
जानकारी के अनुसार, मदनलाल चंडीगढ़ पुलिस में सब इंस्पेक्टर रह चुका है. नौकरी छोड़ने के बाद उसने चंडीगढ़ में घी की फैक्टरी लगाई थी. कुछ दिन पहले ही आरोपी मदन ने चंडीगढ़ में होटल भी शुरू किया था. मुरारी अपनी पत्नी और अढ़ाई साल के बेटे के साथ गांव में रहता था. जबकि मदनलाल अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ चंड़गढ़ ही रहता है, बड़ी बेटी विदेश गई हुई है.
मुरारी की पत्नी शिवानी का कहना है कि डायल-112 टीम के सामने ही पति पर फायरिंग हुई. पुलिस आरोपी ससुर को पड़कने के बजाय मौके से भाग गई. हालांकि सदर थाना पुलिस का कहना है कि पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए गई थी. शिकायत पर पिता मदनलाल, मां मंजीत कौर, ननद पूजा, वंदना और ग्रामीण गुरबख्श व कमलू के खिलाफ केस दर्ज किया है.
शादी में गांव आया था पूर्व सरपंच
पूर्व सरपंच मदनलाल बुधवार को अपनी पत्नी के साथ तलौडा गांव में शादी समारोह में आया था. कार्यक्रम के बाद रात के समय वह गांव के घर आ गया. यहां जमीन के बंटवारे को लेकर बेटे के साथ उसका विवाद हो गया. इसी दौरान मदनलाल ने अपनी लाइसैंसी रिवॉल्वर से मुरारी पर 7 राऊंड फायर किए. उसके सिर, गर्दन, छाती के पास और पेट में गोली लगी. उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
शिवानी ने शिकायत में आरोप लगाया कि 14 अक्तूबर को दिन में ही उसके पति मुरारी की हत्या की प्लानिंग की गई थी. गांव के ही कमलु और गुरबख्श पति को घर से बुलाकर ले गए थे. खतरे को देखते हुए मुरारी ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी. उनके मुताबिक, गुरबख्श मुरारी को अपने घर ले गया. यहां मुरारी के आते ही सास ने ससुर की तरफ इशारा किया. इसके बाद ससुर मदनलाल ने मुरारी पर गोलियां चला दीं. उस समय अभिषेक, अरवीन, अजय, मंजीत और प्रवीण भी वहां मौजूद थे.
मुरारी की पत्नी ने पुलिस को बुलाया था
पिता, मां, ननदों सहित 6 के खिलाफ केस
सदर थाना प्रभारी कमल सिंह के मुताबिक, मुरारी की पत्नी की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस को घटनास्थल से 7 खाली खोल मिले हैं. वारदात के बाद से आरोपी मदनलाल फरार है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. आरोपी को दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया.







