Haryana Sanitation Workers Call Off Strike: हरियाणा में करीब सवा महीने से चल रही सफाई कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल आखिरकार शुक्रवार को खत्म हो गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई बैठक के बाद नगरपालिका कर्मचारी संघ ने आंदोलन वापस लेने का ऐलान किया। इससे प्रदेश के शहरों और कस्बों में चरमराई सफाई व्यवस्था को जल्द पटरी पर लाने की उम्मीद जगी है। सफाई कर्मचारी 6 अगस्त से हड़ताल पर थे। आंदोलन के कारण कई शहरों में कूड़ा उठान प्रभावित हुआ और जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए। गुरुग्राम समेत कई शहरी क्षेत्रों में लंबे समय तक सफाई व्यवस्था बाधित रही।
बर्खास्त और निलंबित कर्मचारी होंगे बहाल
समझौते का सबसे अहम पहलू आंदोलन के दौरान कार्रवाई झेलने वाले कर्मचारियों को राहत देना है। सरकार और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच बर्खास्त तथा निलंबित कर्मचारियों को बहाल करने पर सहमति बनी है। हड़ताल के दौरान दर्ज मामलों को भी वापस लेने की प्रक्रिया पर सहमति बनी है। आंदोलन के दौरान सरकार ने बड़ी संख्या में कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। 8 सितंबर तक 62 संविदा कर्मचारियों को बर्खास्त और 10 नियमित कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। अब इन सभी को बहाल किया जाएगा।
440 रुपये मासिक वर्दी भत्ता मिलेगा
समझौते के तहत सफाई कर्मचारियों को एकमुश्त वर्दी भत्ते की जगह 440 रुपये प्रतिमाह वर्दी भत्ता देने पर सहमति बनी है। समान काम के लिए समान वेतन और एरियर से जुड़े पात्र कर्मचारियों के भुगतान की बात भी सरकार ने स्पष्ट की है। पालिका रोल के कर्मचारियों को नियमों के अनुसार एलटीसी का लाभ देने की व्यवस्था भी जारी रहेगी। सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन के लिए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से सालाना मेडिकल चेकअप कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। पालिका रोल के सफाई कर्मचारियों को 2,000 रुपये प्रतिमाह जोखिम भत्ता देने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। अब नियमित कर्मचारियों को भी जोखिम भत्ता देने पर सहमति बनी है। सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू मेडिकल कैशलेस सुविधा का लाभ भी मिलेगा।
दुर्घटना में मौत पर 10 लाख रुपये
काम के दौरान मृत्यु होने पर पालिका रोल के सफाई कर्मचारियों, सीवरमैन और संबंधित कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री हरियाणा कर्मचारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत मुआवजे को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा SBI में बचत खाता रखने वाले पालिका रोल के सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन को बैंक की दुर्घटना बीमा व्यवस्था के तहत दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता पर 50 लाख रुपये तथा आंशिक दिव्यांगता पर 25 लाख रुपये तक का लाभ देने पर सहमति बनी है।













