Haryana News: हरियाणा के पलवल में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्राले से टकराई पिकअप; 6 श्रद्धालुओं की मौत

On: September 1, 2026 12:28 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के पलवल में केएमपी एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव यादुपुर के पास एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक और घायल उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो राजस्थान के गोगामेड़ी मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा आज सुबह तड़के केएमपी एक्सप्रेसवे पर यादुपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप गाड़ी में सवार होकर मैनपुरी के श्रद्धालु राजस्थान स्थित प्रसिद्ध गोगामेड़ी मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। तभी अचानक सड़क किनारे खड़े एक ट्राले में पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की जान चली गई।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान उत्तरप्रदेश के मैनपुरी निवासी 70 वर्षीय विजय, 45 वर्षीय रसमा देवी, 65 वर्षीय कमला, 40 वर्षीय राजकुमार, 60 वर्षीय महेश और 52 वर्षीय सुधा के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल 9 लोगों को तुरंत इलाज के लिए पलवल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now