हरियाणा में तंत्र मंत्र के चक्कर में महिला बनी चोर, अपने रिश्तेदारों से चुराए 42.50 लाख

On: January 21, 2026 8:41 AM
Follow Us:

हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित पार्शवनाथ एक्जॉटिका सोसाइटी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। एक पिता ने अपनी बेटी की शादी के लिए वर्षों की मेहनत से 42.50 लाख रुपये नकद जमा किए थे, लेकिन भरोसे का फायदा उठाते हुए उनकी ही रिश्तेदार की बेटी ने एक महिला तांत्रिक के बहकावे में आकर पूरी रकम पार कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भांजी और तांत्रिक के खिलाफ सेक्टर-56 थाना पुलिस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता गौरी शंकर ने बताया कि उनकी बेटी देविका की शादी 20 फरवरी 2026 को तय है। शादी के खर्चों के लिए उन्होंने जुलाई 2025 में करीब 42 लाख 50 हजार रुपये नकद जुटाकर घर की अलमारी में दो गत्ते के डिब्बों में सुरक्षित रखे थे। अगस्त 2025 में वह पत्नी के साथ बेटे से मिलने लंदन चले गए। इस दौरान घर में बेटियों की देखभाल के लिए उन्होंने अपनी साली गीता और उनकी बेटी शुभी सैनी, निवासी सेक्टर-56, को घर पर बुलाया था।

7 सितंबर 2025 को विदेश से लौटने के बाद सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन दिसंबर में जब शादी की खरीदारी के लिए अलमारी खोली गई तो चाबी गायब मिली। ताला खुलवाने पर पता चला कि नकदी से भरे दोनों बॉक्स अलमारी से गायब हैं। शुरुआत में परिवार के किसी सदस्य पर शक नहीं किया गया, लेकिन जब घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो स्टोरेज गायब मिला। इसके बाद हार्ड डिस्क को प्राइवेट लैब में रिकवर करवाया गया।

रिकवर हुई फुटेज में 28 अगस्त 2025 की रिकॉर्डिंग सामने आई, जिसमें उस दिन घर खाली होने पर शुभी सैनी हाथ में पैसों से भरा बॉक्स और एक बड़ा बैग लेकर बाहर जाती हुई दिखाई दी। सबूत सामने आने के बाद शुभी ने चोरी की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि उसने यह चोरी एक महिला तांत्रिक शबाना के कहने पर की थी और अलमारी से किश्तों में पैसे निकालकर तांत्रिक को सौंप दिए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पूरी वारदात की योजना शुभी और तांत्रिक ने मिलकर बनाई थी।

जांच अधिकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई रकम की बरामदगी की जाएगी। यह मामला न सिर्फ एक बड़ी चोरी का है, बल्कि रिश्तों में अंधे विश्वास और अंधविश्वास के खतरनाक परिणामों को भी उजागर करता है।

Tags: Gurugram News, Sector 53 Theft Case, Marriage Money Theft, Tantrik Fraud, Haryana Crime News, CCTV Theft Case, Gurgaon Police

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now