Last Updated:
Kabaddi Player Sheelu Balhara Wife Muskan Suicide: हरियाणा के रोहतक से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. यहां के रहने वाले इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा ने महज 23 साल की उम्र में कथित तौर पर अपनी जान दे दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. इन्वेस्टिगेशन के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. शुक्रवार शाम सवा 7 बजे पुलिस ने डेडबॉडी रोहतक PGI भेज दी.
शीलू बल्हारा और मुस्कान की शादी साल 2023 में हुई थी. इनका एक ग्यारह माह का बच्चा भी है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, एक महिला चीखते हुए मुस्कान के ससुर को आवाज देकर बोली कि सुरेंद्र, मेरी बेटी को क्यों मार डाला? 20 दिन पहले भी कहकर गए थे कि हम मार देंगे. हमें नहीं पता था कि तुम सच में ऐसा कर दोगे. महिला ने अपने चेहरे पर चुन्नी ओढ़ रखी थी. इसलिए आसपास के लोग भी उसकी पहचान नहीं कर सके कि वह मुस्कान की क्या लगती है.
मुस्कान ने शुक्रवार शाम 4 बजे अपनी ससुराल में सुसाइड कर लिया. उन्होंने रोहतक के बहु अकबरपुर गांव स्थित घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी. घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था.
जब काफी देर तक मुस्कान बाहर नहीं आई तो परिजन उसे बुलाने पहुंचे, लेकिन दरवाजा नहीं खुला. मुस्कान की सास ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को बुलाया. महिला अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंची और सभी ने मिलकर कमरे की कुंडी तोड़ी. दरवाजा खुलते ही मुस्कान फंदे पर लटकी मिली.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बेटी के सुसाइड की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे मुस्कान के मायके वालों ने गांव में जमकर हंगामा किया. शीलू के परिवार की ओर से दिया गया पानी भी उन्होंने नहीं पिया. मुस्कान की मां और अन्य परिजन लगातार रोते रहे और बेटी की हत्या का आरोप लगाते रहे. रात करीब 8 बजे मायके पक्ष के लोगों को दोबारा घर के अंदर बुलाया गया. पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बंद कमरे में पंचायत हुई. करीब दो घंटे तक बातचीत चली, लेकिन देर रात तक कोई निर्णय नहीं निकल सका.
इस बीच पता चला है कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला. हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की. बहु अकबरपुर थाने के SHO जसबीर ने इतना ही कहा कि अभी जांच की जा रही है.
बता दें, इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर की पत्नी मुस्कान महम के फरमाना गांव की रहने वाली थी और उसकी 8 दिसंबर 2023 को शीलू के साथ शादी हुई. पिछले साल नवंबर में मुस्कान ने बेटे को जन्म दिया जिसका नाम हार्दिक है. मुस्कान के पिता फरमाना गांव में खेती करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं. उसका छोटा भाई पढ़ाई के साथ कबड्डी की ट्रेनिंग ले रहा है.
शीलू बल्हारा रोहतक में बहु अकबरपुर गांव के रहने वाले हैं. घर में पिता सुरेंद्र, मां निशा देवी, दादी, एक बहन और भाई मनीष हैं. पिता सुरेंद्र बल्हारा साधारण किसान हैं. मनीष भी कबड्डी खेलते हैं. शीलू जूडो खेलते थे. फिर पहलवानी करने लगे. छह साल की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू कर दिया. जब जवानी में कदम रखा तो उनका नाम पंजाब तक पहुंचा. पंजाब की अलग-अलग टीमों में शीलू खेलने के लिए जाते रहते है. 12वीं तक पढ़े शीलू सर्कल टाइप कबड्डी खेलते हैं. पंजाब में ‘हरियाणा आला चीता’ के नाम से फेमस हैं. विदेशों में शीलू कबड्डी खेलने जाते हैं. वे कैचर हैं. पिछले साल अमेरिका में हुए कबड्डी टूर्नामेंट में भी वे बेस्ट कैचर चुने गए थे.












