हरियाणा के यमुनानगर में युवती का शव मिलने से हड़कंप, गले में मंगलसूत्र-पैरों में पाजेब; माथे पर चोट के निशान

On: September 10, 2026 2:40 AM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर में पंचकूला-सहारनपुर हाईवे पर खेतों में पानी की खाल से एक युवती का शव मिला। युवती की हालत देखकर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी। उसके गले में मंगलसूत्र और पैरों में पाजेब थी। माथे पर चोट के निशान मिले हैं। युवती की उम्र करीब 30 से 32 साल है।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राजीव मिगलानी के साथ पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शुरुआती जांच में आशंका है कि युवती की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। पुलिस युवती की पहचान की कोशिश कर रही है। पुलिस ने शव को जगाधरी सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है।

डीएसपी राजीव मिगलानी ने बताया कि  रुहला खेड़ी गांव के पास हाईवे किनारे पानी की खाल में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जगाधरी थाना पुलिस केी टीमें मौके पर पहुंचीं। निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक टीम को बुलाया। गले में मंगलसूत्र और पैरों में पाजेब मिली हैं। पास ऐसी कोई वस्तु या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। युवती की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष है। शव करीब दो से तीन दिन पुराना है।

डीएसपी ने बताया कि युवती के माथे पर चोट का निशान मिला है। इसके आधार पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शव किस युवती का है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा।

डीएसपी राजीव मिगलानी ने बताया कि युवती की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिछले कुछ दिनों में कोई महिला या युवती लापता तो नहीं हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया है। रिपोर्ट से मौत की असल वजह और चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now