Haryana News: हरियाणा के पानीपत में नगर निगम ने अवैध कॉलोनियों और कब्जों के खिलाफ बुधवार को बड़ा अभियान चलाते हुए कई जगहों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। यह कार्रवाई Haryana Municipal Corporation Act 1994 के तहत पहले जारी नोटिसों की अनदेखी के बाद की गई, जिसमें अवैध निर्माणों को हटाने का आदेश दिया गया था।
जिलाधीश द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुमित नांदल की निगरानी में निगम टीम ने भारी पुलिस बल के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। बरसत रोड स्थित भैंसवाल मोड़ पर निगम की जमीन पर बने करीब 15 अवैध खोखे और एक डेयरी को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा सरदार के डेरा के पास करीब तीन एकड़ में विकसित अवैध कॉलोनी में सड़कों और नींव को भी तोड़ा गया।
कार्रवाई का दायरा विजय नगर क्षेत्र तक भी पहुंचा, जहां करीब 2 एकड़ में विकसित हो रही कॉलोनी समेत आसपास की लगभग 16 एकड़ में फैली दो अवैध कॉलोनियों में सड़कों और नींव पर बुलडोजर चलाया गया। इसके साथ ही उझा रोड स्थित बीबीएम एन्कलेव, उझा गेट के पास और इंडो फार्म के नजदीक बने अवैध निर्माणों को भी हटाया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियां काटने वाले मालिकों और प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित लोगों पर धारा 350-सी के तहत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी भी की जा सकती है।













