Last Updated:
हरियाणा के पंचकूला में पुलिस ने 2 अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार कर 625 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत 1.25 करोड़ रुपये है.प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से पानीपत का रहने वाला है और किराये का कमरा लेकर जीरकपुर में रहता था और चिट्टा सप्लाई करता था.
. दोनों आरोपी हिमाचल, पंजाब समेत ट्राईसिटी में हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई कर रहे थे.
पंचकूला. हरियाणा के पंचकूला में विशेष अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार को चिट्टे की बड़ी खेप बरामद की. अलग-अलग मामलों में क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 और एंटी नारकोटिक सेल ने दो अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 625 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है.
दोनों आरोपी हिमाचल, पंजाब समेत ट्राईसिटी में हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई कर रहे थे. पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि इनके सप्लाई नेटवर्क, सप्लायर, खरीदारों तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके.
पहला मामला: 321 ग्राम हेरोइन के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम को 14 जुलाई को गुप्त सूचना मिली कि जीरकपुर में किराये पर रहने वाला वंश ग्रोवर (24) बरवाला-डेराबस्सी रोड पर बड़ी मात्रा में हेरोइन की सप्लाई देने के लिए आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिये के अनुसार आरोपी को काबू कर लिया. तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 321 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 64 लाख रुपये से अधिक है.
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से पानीपत का रहने वाला है और वर्तमान में जीरकपुर में किराये पर रह रहा था. आरोपी स्वयं हेरोइन का सेवन करने के साथ-साथ ट्राईसिटी क्षेत्र में इसकी तस्करी भी करता था और बरामद खेप की सप्लाई देने के उद्देश्य से बरवाला पहुंचा था. इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हेरोइन कहां से लाता था और किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था.
दूसरा मामला: एंटी नारकोटिक सेल ने 304 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर दबोचा
इसी दिन एंटी नारकोटिक सेल को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि सन्नी सिंह (44) निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब) पंचकूला और ट्राईसिटी क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करता है तथा सेक्टर-21 स्थित घग्गर पुल के पास छठ पूजा स्थल पर एक ग्राहक को खेप देने आने वाला है. सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने इन्चार्ज सौरव रावत की अगुवाई में आरोपी को काबू कर लिया.
जेब से 304 ग्राम हेरोइन, फोन और 1,500 रुपये नकद बरामद
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 304 ग्राम हेरोइन, एक मोबाइल फोन तथा 1,500 रुपये नकद बरामद हुए. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है. इस संबंध में थाना सेक्टर-20 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि उसके सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचा जा सके. पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा. युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें












