Last Updated:
Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने नगर निगम और जिला प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी है. शहर की दर्जनभर कॉलोनियां जलमग्न हैं. यहां तक अंडरपास में कई फीट तक पानी भर गया है. इसी पानी में एक फॉर्च्यूनर फंस गई. इसमें एक 60 साल के बुजुर्ग मौजूद थे. लग रहा था कि अब उनको कोई नहीं बचा सकेगा, लेकिन एक युवक ने जान पर खेलकर बचाया.
फरीदाबाद के अंडरपास में भरे पानी में फंसी फॉर्च्यूनर.
फरीदाबाद : दिल्ली-एनसीआर में दो दिन से झमाझम बारिश हो रही है. इससे मौसम भला ही अच्छा हो गया हो, लेकिन आमजन की परेशानी भी बढ़ गई है. कई जगह पानी भर गया है. कुछ ऐसा ही ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास का नजारा देखने को मिला. जो फरीदाबाद शुक्रवार शाम हुई तेज बारिश के बाद पूरी तरह जलमग्न हो गया. यहां कई फीट तक पानी भर जाने से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. पानी में फंसी फॉर्च्यूनर कार के चालक को स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाला गया.
30 फीट तक पानी जमा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सात बजे अंडरपास में करीब 25 से 30 फीट तक पानी जमा हो गया था. इसी दौरान करीब 60 वर्षीय व्यक्ति अपनी फॉर्च्यूनर कार लेकर अंडरपास की ओर पहुंचे. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने वाहन नहीं रोका और पानी से भरे अंडरपास में प्रवेश कर गए.
न खिड़कियां खुलीं और न दरवाजा…
कुछ ही दूरी तय करने के बाद कार गहरे पानी में बंद हो गई. बताया जा रहा है कि पानी भरने से वाहन का इलेक्ट्रिकल सिस्टम प्रभावित हो गया, जिसके चलते दरवाजे और खिड़कियां नहीं खुल सकीं. चालक कार के भीतर ही फंस गया और उसकी जान पर बन आई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर राहत अभियान शुरू किया. इस दौरान एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए कार के शीशे पर पैर मारकर उसे तोड़ दिया, जिससे चालक को बाहर निकालना संभव हो सका. शीशा तोड़ने के दौरान युवक के पैर में चोट भी आई.
अस्पताल में भर्ती
बेहोशी की हालत में निकाले गए चालक को तुरंत नीलम चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे वेंटिलेटर पर भर्ती किया है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई. पानी में डूबी फॉर्च्यूनर को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चालक महिला थाना सेक्टर-21 की दिशा से आते हुए अंडरपास में पहुंचा था. वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि उस ओर पानी भरे अंडरपास के बावजूद पुलिस की ओर से कोई बैरिकेडिंग नहीं की गई थी, जिससे चालक को खतरे का अंदाजा नहीं लग सका. घटना के बाद अंडरपास में जलभराव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.
About the Author

Kavya Mishra is a Senior Sub Editor at News18 Hindi with over seven years of experience in digital and print journalism. She is part of the regional editorial team, covering Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana …
और पढ़ें









